नई दिल्ली (पब्लिक फोरम)। प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate – ED) ने मंगलवार को देश के सबसे बड़े खनन और प्राकृतिक संसाधन समूहों में से एक, वेदांता ग्रुप के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (Foreign Exchange Management Act – FEMA) के कथित उल्लंघन के सिलसिले में की गई यह राष्ट्रव्यापी तलाशी अभियान कॉर्पोरेट जगत में भूचाल ले आई है और उन लाखों श्रमिकों के सामने एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर गई है जो इस औद्योगिक साम्राज्य की नींव में हैं।
छापेमारी का विवरण: सुबह से देर शाम तक चला अभियान
कल मंगलवार की सुबह से शुरू होकर देर शाम तक जारी रहे इस तलाशी अभियान में ED के अधिकारियों ने वेदांता समूह के एक से अधिक ठिकानों की बारीकी से जांच की। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी को समूह के विदेशी मुद्रा से जुड़े लेन-देन में गंभीर अनियमितताओं का संदेह है।
FEMA के तहत कार्रवाई आमतौर पर तब होती है जब –
🔹 बिना उचित सरकारी अनुमति के विदेश में धन हस्तांतरण (Money Transfer) किया जाए।
🔹विदेश में अवैध रूप से संपत्ति अर्जित की जाए।
🔹विदेशी निवेश से संबंधित नियमों का पालन न किया जाए।
ED अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कुछ और ठिकानों को भी इस जांच के दायरे में लाया जा सकता है। खबर लिखे जाने तक वेदांता समूह या उसके प्रवक्ता की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
वेदांता: देश के संसाधनों पर एकाधिकार
वर्ष 1976 में स्थापित वेदांता समूह आज भारत के सबसे विशाल बहुराष्ट्रीय खनन एवं प्राकृतिक संसाधन समूहों में से एक है। इसका कारोबारी जाल केवल भारत तक सीमित नहीं – अफ्रीका और कई अन्य विकासशील देशों में भी यह समूह सक्रिय है।
समूह की प्रमुख कंपनियाँ और क्षेत्र:
🔸 हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड (Hindustan Zinc Limited) – जस्ता उत्पादन में देश में सर्वोच्च
🔸केयर्न इंडिया (Cairn India) – तेल और गैस क्षेत्र में बड़ी भागीदारी
🔸 वेदांता एल्युमिनियम – एल्युमीनियम उत्पादन में अग्रणी, जिसमें छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित BALCO (भारत एल्युमिनियम कंपनी) भी शामिल है
🔸धातु, खनिज, ऊर्जा और तेल-गैस – चारों प्रमुख क्षेत्रों में समूह का दबदबा
विवादों का पुराना इतिहास
वेदांता समूह के लिए कानूनी और नैतिक विवाद कोई नई बात नहीं है। ओडिशा के नियमगिरि पहाड़ों में बॉक्साइट खनन को लेकर आदिवासी समुदायों से दशकों पुराना टकराव इसकी पहचान बन चुका है। जल-जंगल-जमीन के अधिकारों की लड़ाई में स्थानीय जनता ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी और जीत भी हासिल की।
छत्तीसगढ़ में भी वेदांता का विस्तार विवादों से मुक्त नहीं रहा। कोरबा के BALCO संयंत्र के निजीकरण के बाद से लगातार श्रमिक शोषण, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हक, औद्योगिक सुरक्षा और श्रमिक कल्याण की मुद्दे को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। सक्ती जिले में वेदांता के पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट और BALCO की चिमनी गिरने जैसी दुर्घटनाओं ने एक बार फिर साबित किया है कि जब कंपनियाँ अपनी वित्तीय प्राथमिकताओं को सुरक्षा से ऊपर रखती हैं, तो उसकी कीमत मजदूर अपनी जान देकर चुकाते हैं।
वित्तीय अनियमितता का असर जमीन पर
यह समझना जरूरी है कि FEMA उल्लंघन केवल कागजी गड़बड़ी नहीं है। जब कोई बड़ा औद्योगिक समूह विदेशों में कथित रूप से धन छुपाता है या नियमों की आड़ में धन हस्तांतरित करता है, तो उसका सीधा असर उन परियोजनाओं के बजट पर पड़ता है जहाँ हजारों ठेका मजदूर (Contract Workers) अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते हैं।
“वित्तीय अनियमितताओं का पहला शिकार हमेशा जमीनी स्तर के ठेका मजदूर और उनकी सुरक्षा व्यवस्था होती है – वे जो न बजट बनाते हैं, न नीतियाँ, लेकिन खामियाजा सबसे पहले वही भुगतते हैं।”
अब आगे क्या?
यदि FEMA उल्लंघन के आरोप जाँच में सही साबित होते हैं, तो इसके दूरगामी परिणाम होंगे –
🔺 शेयर बाजार और निवेशकों पर तत्काल प्रभाव पड़ सकता है।
🔺 समूह की परियोजनाओं में काम कर रहे लाखों श्रमिकों की नौकरी और सुरक्षा पर संकट आ सकता है।
🔺 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित देनदारियाँ और भी अधिक उलझ सकती हैं।
🔺 आदिवासी समुदायों के भूमि अधिकार और पर्यावरणीय गारंटियाँ प्रभावित हो सकती हैं।
यह मामला महज एक कंपनी की वित्तीय जवाबदेही का नहीं – यह उस बड़े सवाल का हिस्सा है कि भारत के प्राकृतिक संसाधनों से कमाया गया धन इस देश के विकास और मूल निवासियों के कल्याण में लगे या किसी के निजी कोष में। सरकार, जाँच एजेंसियों और न्यायपालिका की जिम्मेदारी है कि वे इस मामले में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित करें – ताकि वे हाथ जो इस साम्राज्य को खड़ा करते हैं, उनके हक की रक्षा हो सके।





Recent Comments