होमआसपास-प्रदेशसुशासन तिहार में उज्ज्वला योजना से बदली जिंदगी, लकड़ी के चूल्हे से...

सुशासन तिहार में उज्ज्वला योजना से बदली जिंदगी, लकड़ी के चूल्हे से मिली राहत

कोरबा के ग्राम धनरास में शिविर के जरिए महिलाओं को मिला मुफ्त गैस कनेक्शन, आसान हुआ दैनिक जीवन

कोरबा (पब्लिक फोरम)| सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ने ग्राम धनरास की एक गृहिणी माधुरी के जीवन में बड़ा बदलाव ला दिया है। वर्षों तक लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने की कठिनाई झेलने के बाद अब उन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन, सिलेंडर और चूल्हा मिल गया है। इस पहल ने न केवल उनके दैनिक काम को आसान बनाया है, बल्कि उनके स्वास्थ्य और समय की भी बचत सुनिश्चित की है।

माधुरी बताती हैं कि पहले उन्हें हर दिन लकड़ी जुटाने और धुएं में खाना बनाने की परेशानी का सामना करना पड़ता था। तेज गर्मी और चूल्हे के धुएं से उनका स्वास्थ्य भी प्रभावित होता था। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच यह काम उनके लिए बेहद थकाऊ था। उन्होंने कई बार गैस कनेक्शन लेने की कोशिश की, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण यह संभव नहीं हो पाया।

गांव में सुशासन तिहार के शिविर की जानकारी मिलने पर माधुरी ने तुरंत आवेदन किया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद खाद्य विभाग ने उन्हें पात्र पाया और शिविर में बुलाकर गैस कनेक्शन प्रदान किया गया। इस दौरान उद्योग, वाणिज्य और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने स्वयं उन्हें गैस कनेक्शन सौंपा।

गैस चूल्हा मिलने के बाद माधुरी की खुशी साफ झलकती है। उनका कहना है कि अब उन्हें चूल्हा जलाने के लिए लकड़ी की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और कुछ ही मिनटों में भोजन तैयार हो सकेगा। इससे उनके बच्चों और मजदूरी करने वाले पति के लिए समय पर भोजन बनाना भी आसान हो गया है।

इस योजना के तहत माधुरी को पूरी तरह निःशुल्क गैस कनेक्शन मिला है। साथ ही, 100 दिन का रोजगार पूरा करने पर उन्हें जॉब कार्ड भी दिया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है।

शिविर में ग्राम धनरास की अन्य महिलाओं जैसे कलिता बाई और नंदिनी वैष्णव को भी उज्ज्वला योजना का लाभ मिला। इन महिलाओं ने सरकार की इस पहल को सराहते हुए कहा कि सुशासन तिहार जैसे कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए बेहद उपयोगी हैं और इससे योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है।

सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाने का प्रयास साफ दिखाई दे रहा है। यह पहल न केवल सुविधाएं प्रदान कर रही है, बल्कि ग्रामीण जीवन को सरल और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments