मंत्री लखनलाल देवांगन ने योजनाओं का लाभ लेने और समस्याओं के त्वरित निराकरण का दिया संदेश
कोरबा (पब्लिक फोरम)| कोरबा जिले में सुशासन तिहार 2026 की शुरुआत कटघोरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत धनरास से हुई, जहां पहले ही दिन जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। भीषण गर्मी के बावजूद लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर शिविर में पहुंचे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि ग्रामीणों को ऐसे आयोजनों से काफी उम्मीदें हैं।
1 मई से 10 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत पहले दिन कुल 332 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 103 मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शिविर में कृषि, मत्स्य, पंचायत, राजस्व, खाद्य एवं सहकारिता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने न केवल समस्याएं सुनीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 37 शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों को इसका लाभ मिल सके।
मंत्री देवांगन ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा गरीबों को मुफ्त राशन, किसानों को सम्मान निधि, हर घर जल योजना और आवास जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। वहीं राज्य सरकार द्वारा धान बोनस, 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी, महतारी वंदन योजना और अन्य योजनाओं के जरिए लोगों को आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं भी अचानक किसी गांव में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेंगे, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने शिविर को ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताते हुए लोगों से इसमें अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि एक ही स्थान पर सभी विभागों की मौजूदगी से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलती है।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का मंत्री ने अवलोकन किया और हितग्राहियों को जॉब कार्ड, राशन कार्ड, केसीसी ऋण, कृषि उपकरण, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, मछली जाल और आइस बॉक्स जैसी सुविधाएं वितरित की गईं।
इस आयोजन में प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडे, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





Recent Comments