
जांजगीर-चांपा(पब्लिक फोरम)। यादव समाज जिला जांजगीर-चांपा एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 2026 धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। जांजगीर एवं बलौदा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोगों सहित श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

महोत्सव के दौरान बाइक रैली, राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता, झूला एवं मटका साज-सज्जा प्रतियोगिता, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भजन संध्या, सामाजिक भोज एवं भव्य शोभायात्रा सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अतिथियों ने दिया सामाजिक एकता का संदेश
बाइक रैली के अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय श्री देवेंद्र यादव जी, विधायक भिलाई ने अपने उद्बोधन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों को याद करते हुए समाज के युवाओं को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
शोभायात्रा के अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय श्री पी.एल. यादव जी, उपायुक्त, दुर्ग संभाग छत्तीसगढ़ ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म, सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं माननीय सुश्री प्रज्ञा यादव जी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बम्हनीडीह ने अपने उद्बोधन में समाज की महिलाओं एवं युवाओं की सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, संस्कार और आपसी सहयोग को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

यादव समाज सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान जांजगीर विधायक श्री व्यास कश्यप जी ने यादव समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। विधायक की इस घोषणा का समाजजनों ने जोरदार स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक भवन समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण भी किया गया। भव्य शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी, भजन एवं धार्मिक वातावरण ने पूरे नगर को कृष्णमय बना दिया।
यादव समाज के जिलाध्यक्ष विनोद गोपाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं, प्रशासन, पुलिस एवं समस्त समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी आयोजन समिति
यादव समाज जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.)
अमित अम्बस्ट की रिपोर्ट






Recent Comments