होमआसपास-प्रदेशकोरबा कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई पं. रविशंकर शुक्ल और विद्याचरण शुक्ल...

कोरबा कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई पं. रविशंकर शुक्ल और विद्याचरण शुक्ल की जयंती

कोरबा (पब्लिक फोरम)। कोरबा के टी.पी. नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को अविभाजित मध्यप्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पं. रविशंकर शुक्ल और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत पं. विद्याचरण शुक्ल की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके सार्वजनिक जीवन और योगदान को स्मरण किया।

जिला कांग्रेस कार्यालय, टी.पी. नगर कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह की शुरुआत पं. रविशंकर शुक्ल और पं. विद्याचरण शुक्ल के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पं. रविशंकर शुक्ल अविभाजित मध्यप्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री थे। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में आने से पहले नायब तहसीलदार और शिक्षक के रूप में भी कार्य किया। अग्रवाल ने बताया कि नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में पं. रविशंकर शुक्ल की प्रतिमा स्थापित है तथा रायपुर स्थित विश्वविद्यालय का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि पं. रविशंकर शुक्ल समाज सुधार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे, जिनका योगदान आज भी प्रेरणास्रोत है।

रामपुर विधायक फुलसिंह राठिया ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पं. विद्याचरण शुक्ल के राजनीतिक जीवन और योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का प्रमुख हिस्सा थे। उन्होंने बताया कि 25 मई 2013 को हुए नक्सली हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में हरियाणा के गुरुग्राम स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान 11 जून 2013 को उनका निधन हो गया।

पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर ने अपने संबोधन में कहा कि पं. विद्याचरण शुक्ल एक कुशल प्रशासक और प्रभावशाली जननेता थे। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हुआ।

कार्यक्रम में जिलाध्‍यक्ष मनोज चौहान, पूर्व अध्‍यक्ष सपना चौहान, महिला कांग्रेस अध्‍यक्ष कुसुम द्विवेदी, महिला आयोग की पूर्व सदस्‍य अर्चना उपाध्‍याय, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, जिला कांग्रेस पदाधिकारी मनहरण राठौर इंटक, सेवादल अध्‍यक्ष प्रदीप पुरायणे, युवा कांग्रेस अध्‍यक्ष राकेश पंकज, ब्‍लॉक अध्‍यक्ष  पालुराम साहु, राजेन्‍द्र तिवारी, एफ डी मानिकपुरी, महेन्‍द्र थवाईत, पार्षद रवि चंदेल, सुकसागर निर्मलकर, डॉ.गोपाल कुर्रे, सुभाष राठौर, दुष्‍यंत शर्मा, आरिफ खान, संजू अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, नाराणण कुर्रे, धनंजय चंद्रा, फरियाद अली रिजवी, पूर्व पार्षद मस्‍तुल कंवर, प्रदीप जायसवाल, डॉ. रामगेापाल यादव, रमेश वर्मा, रवि खुंटे, हिमांशु सिंह, शशि अग्रवाल, देव जायसवाल, सुनील निर्मलकर, हरविंदर सिंह, सुखनंदन सिंह आदि ने भी पं. रविशंकर शुक्‍ल एवं पं. विद्याचरण शुक्‍ल के जीवनी पर प्रकाश डाला।इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments