सुप्रीम कोर्ट के वकील के जरिए कोरबा के पत्रकार को धमकी, श्रम एवं जन-विरोधी नीतियों पर सवाल उठाने की सजा?
सच की आवाज बनाम कॉर्पोरेट ताकत: वेदांता-बालको के कानूनी नोटिस से डरेगी या लड़ेगी पत्रकारिता?
कोरबा (पब्लिक फोरम)। देश की सबसे बड़ी खनन कंपनियों में शुमार वेदांता समूह की अनुषंगी कंपनी भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) के वेदांत प्रबंधन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह जन-सरोकार की पत्रकारिता से कितना घबराती है। कंपनी ने सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता इशान जॉर्ज के माध्यम से 7 मई 2026 को कोरबा के डिजिटल समाचार पोर्टल “GramYatra News Chhattisgarh” के मुख्य संपादक “अब्दुल सुल्तान” को एक कड़ा कानूनी नोटिस भेजा है – जिसमें खबरें हटाने, सार्वजनिक माफी और “व्यावसायिक क्षति” का हर्जाना देने की मांग की गई है।
यह नोटिस महज एक कानूनी दस्तावेज़ नहीं – यह उस “कॉर्पोरेट मानसिकता का आईना” है जो अपनी करतूतों पर सवाल उठाने वाले हर आवाज़ को कुचलना चाहती है।
नोटिस में क्या है? – कानूनी विश्लेषण
नोटिस में BALCO का दावा है कि GramYatra की कुछ खबरें “झूठी, मानहानिकारक, दुर्भावनापूर्ण और पूर्वाग्रह से ग्रसित” हैं, जिनसे कंपनी की “प्रतिष्ठा, व्यावसायिक साख और कॉर्पोरेट गुडविल” को क्षति पहुंची है। कानूनी दृष्टि से देखें तो:
– भारतीय कानून में “मानहानि” तभी सिद्ध होती है जब प्रकाशित सामग्री असत्य हो, जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के इरादे से लिखी गई हो, और तथ्यात्मक आधार न हो।
– यदि कोई पत्रकार सार्वजनिक हित में, तथ्यों के आधार पर किसी कंपनी की आलोचना करता है – तो वह “उचित टिप्पणी (Fair Comment)” के अधिकार के तहत पूर्णतः सुरक्षित है।
– भारतीय संविधान का अनुच्छेद 19(1)(a) – वाक् एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता – हर पत्रकार को सत्ता और पूंजी की आलोचना का अधिकार देता है।
– “Press Council of India” के दिशानिर्देश भी स्पष्ट करते हैं कि जनहित में की गई पत्रकारिता मानहानि के दायरे में नहीं आती।
सवाल यह उठता है – यदि वेदांता का काम इतना पारदर्शी और जनहितकारी है, तो खबरों से इतना डर क्यों? क्या कंपनी अदालत में “सत्य” से डरती है?

वेदांता-बालको: “समुदाय सेवा” का दावा, हकीकत क्या है?
नोटिस में BALCO खुद की तारीफ में लिखता है – “हमारी दृष्टि पड़ोसी समुदायों को आर्थिक और सामाजिक समृद्धि दिलाना है।”
लेकिन छत्तीसगढ़ के कोरबा की धरती पर काम करने वाले मजदूर, सेवानिवृत्त कर्मचारी और आम नागरिक इस दावे की असलियत जानते हैं:
श्रम-विरोधी नीतियाँ
– सैकड़ों सेवानिवृत्त BALCO कर्मचारी अपने अंतिम बकाया, पेंशन लाभ और चिकित्सा सुविधाओं” के लिए वर्षों से दर-दर भटक रहे हैं।
– कंपनी ने “ठेका मजदूरी” को बढ़ावा देकर स्थायी नौकरी/रोजगार को खत्म किया।
– BALCO की चिमनी हादसे की जांच में “मृतक श्रमिकों की संख्या कम करके बताने एवं गवाहों पर दबाव” के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
– श्रम आयुक्त कार्यालय में “त्रिपक्षीय बैठकों” में भी वेदांता प्रबंधन टालमटोल की नीति अपनाती रही है।
पर्यावरण और जन-विरोधी रवैया
– वेदांता समूह की कंपनियों पर देशभर में “पर्यावरण नियमों के उल्लंघन” के कई मामले दर्ज हैं।
– कोरबा क्षेत्र में “वायु और जल प्रदूषण” से आम जनता त्रस्त है।
– EIA (पर्यावरण प्रभाव आकलन) में “जनसुनवाई की आपत्तियों” को अनदेखा करने के आरोप लगातार लगते रहे हैं।
कॉर्पोरेटी धमकी बनाम पत्रकारिता की आज़ादी
यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़ी कंपनी ने “SLAPP” (Strategic Lawsuit Against Public Participation) – यानी जनहित की आवाज़ दबाने के लिए कानूनी हथियार – का इस्तेमाल किया हो।
जब भी कोई पत्रकार, कार्यकर्ता या संगठन कॉर्पोरेट की कारस्तानियों को उजागर करता है – तो जवाब में आता है भारी-भरकम वकीलों का नोटिस, मानहानि का डर, और “आर्थिक थकान से चुप कराने की चाल।”
GramYatra News के संपादक अब्दुल सुल्तान को भेजा गया यह नोटिस उसी रणनीति का हिस्सा लगता है। सवाल यह है – क्या छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता इस दबाव के सामने झुकेगी?
पीपुल्स मीडिया समूह, श्रमजीवी पत्रकार, ट्रेड यूनियनें और जनपक्षधर संगठन एकजुट होकर इस कॉर्पोरेटी धमकी का पुरजोर विरोध करते हैं।

मांग
🔻 वेदांता-बालको तत्काल यह “दमनकारी नोटिस वापस” ले।
🔻 बालको के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के “सभी लंबित बकायों का तत्काल निपटारा किया जाए।
🔻पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर किसी भी कॉर्पोरेट दबाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
🔻छत्तीसगढ़ सरकार “श्रम और पर्यावरण कानूनों” का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई करे।





Recent Comments