जिला रोजगार कार्यालय कोरबा द्वारा युवाओं को अग्निवीर भर्ती परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कोरबा (पब्लिक फोरम)| भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती 2026-27 की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोरबा ने अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा की तैयारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। यह प्रशिक्षण 4 मई 2026 से प्रारंभ हो चुका है और 4 जून 2026 तक लगातार संचालित किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीर भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले इच्छुक युवाओं को इस ऑनलाइन प्रशिक्षण के माध्यम से परीक्षा की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा के लिए सही मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि वे सेना भर्ती परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि जो अभ्यर्थी इस निःशुल्क प्रशिक्षण में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें ई-रोजगार पोर्टल पर अपना पंजीयन कराना होगा। इसके अलावा इच्छुक उम्मीदवार सीधे जिला रोजगार कार्यालय, कोरबा से संपर्क कर भी प्रशिक्षण से जुड़ सकते हैं। प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क रखा गया है ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।
अग्निवीर भर्ती को लेकर युवाओं में लगातार उत्साह देखा जा रहा है। ऐसे में यह ऑनलाइन कोचिंग कार्यक्रम उन अभ्यर्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा जो आर्थिक या अन्य कारणों से महंगी कोचिंग नहीं ले पाते हैं। जिला प्रशासन और रोजगार विभाग की यह पहल युवाओं को सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें सही दिशा में तैयारी का अवसर भी प्रदान करेगी।
जिला रोजगार विभाग ने सभी पात्र युवाओं से समय रहते पंजीयन कराने और इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है।





Recent Comments