रायगढ़(पब्लिक फोरम) । मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में 2 अक्टूबर 2026 को आयोजित नर्मदोत्सव ‘मधुगुंजन’ सांस्कृतिक कार्यक्रम में रायगढ़ की होनहार बाल कलाकार अनन्या सिंह शांडिल्य ने अपने शानदार लाइव कथक नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। देशभर से आए कलाकारों के बीच अनन्या ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर रायगढ़ का नाम रोशन किया।
PM SHRI केंद्रीय विद्यालय, रायगढ़ की कक्षा चौथी की छात्रा अनन्या ने अपनी भावपूर्ण अदायगी, आकर्षक नृत्य-भंगिमाओं और शानदार कथक प्रस्तुति से कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों एवं अतिथियों की खूब सराहना बटोरी। मंच पर अनन्या की प्रस्तुति ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सुंदरता और उसकी सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
अनन्या विजयपुर के मा विहार निवासी आशुतोष सिंह एवं बिंदिया सिंह की बेटी हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और गुरुजनों में खुशी का माहौल है। परिजनों ने अनन्या की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत, नियमित अभ्यास और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया।
नर्मदोत्सव ‘मधुगुंजन’ का आयोजन रायगढ़ के वैष्णव संगीत विद्यालय के शरद वैष्णव के संयोजन में किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने हिस्सा लिया। इस राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक मंच पर अनन्या की उपलब्धि रायगढ़ की कला प्रतिभाओं के लिए गौरव का विषय बनी है।
फोटो कैप्शन:
पचमढ़ी में नर्मदोत्सव ‘मधुगुंजन’ में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद सम्मानित होतीं रायगढ़ की बाल कथक कलाकार अनन्या सिंह शांडिल्य।
पचमढ़ी में रायगढ़ की अनन्या ने लहराया परचम नर्मदोत्सव ‘मधुगुंजन’ में शानदार कथक प्रस्तुति देकर हासिल किया प्रथम स्थान
RELATED ARTICLES






Recent Comments