खरसिया(पब्लिक फोरम)
सावन के पवित्र महीने में भोलेनाथ के भक्तों का उत्साह चरम पर है। खरसिया नगरी समीप स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बरगढ़ धाम सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में सावन के द्वितीय सोमवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। गेट से लेकर मुख्य मार्ग तक भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।
दूर-दूर से पहुंचे शिवभक्त
रायगढ़ जिले के इस प्रसिद्ध शिव मंदिर में न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि उड़ीसा, झारखंड और आसपास के राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। बरगढ़, खरसिया, कोरबा, रायगढ़, शक्ति, जांजगीर-चांपा, अकलतरा, बिलासपुर, शिवरीनारायण, डभरा, रायपुर और रांची जैसे दूरस्थ इलाकों से लोग परिवार के साथ पहुंचकर बाबा को जल अर्पित कर रहे थे।
मंदिर प्रशासन के अनुसार सुबह होते ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। भक्तों ने पवित्र जल, बेलपत्र और श्रीफल चढ़ाकर भगवान सिद्धेश्वर नाथ से अपनी मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना की।
नेता से लेकर आमजन तक की आस्था का केंद्र
स्थानीय मान्यता है कि बरगढ़ धाम में जो भी सच्चे मन से माथा टेकता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूरी होती है। इसी आस्था के चलते यहां राजनेता हों या आम नागरिक, सभी बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने आते हैं।
भक्तों का कहना था – “यूं ही नहीं लगती बाबा सिद्धेश्वर नाथ की लंबी कतार, कुछ तो है इस दरबार में तभी तो भोले के भक्त कतार में खड़े होकर भी दर्शन को आतुर हैं।”
प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा धाम
पहाड़ों और हरियाली से घिरे इस प्राकृतिक स्थल पर सावन में दृश्य और भी मनोहारी हो जाता है। मंदिर परिसर में सुरक्षा और जल व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो।
भक्तों की यही कामना थी कि भोलेनाथ सभी के दुख दूर करें और प्रदेश में सुख-शांति बनाए रखें।
सावन के अगले सोमवारों में भी यहां इसी तरह भीड़ बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।





Recent Comments