होमआसपास-प्रदेशखरसिया में यादव समाज की भव्य शोभायात्रा‘जय माधव-जय यादव’ के जयघोष से...

खरसिया में यादव समाज की भव्य शोभायात्रा‘जय माधव-जय यादव’ के जयघोष से गूंजा पूरा नगर, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

खरसिया(पब्लिक फोरम)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी यादव समाज खरसिया द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति एवं आस्था से ओतप्रोत विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में समाज के लोगों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे नगर में “जय माधव, जय यादव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ टाउन हॉल स्थित पंडित दीनदयाल भवन से विधिवत पूजा-अर्चना एवं भजन-संगीत के साथ हुआ। इसके पश्चात शोभायात्रा उत्तरी साल रोड होते हुए परशुराम चौक, स्टेशन चौक, पीपल गली, सुभाष चौक, अग्रसेन भवन, प्रसिद्ध मछली तालाब, कन्या भवन, गुरुद्वारा एवं शनि मंदिर होते हुए पुनः टाउन हॉल पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन किया गया।

- Advertisement -

शोभायात्रा में मनमोहक झांकियां, करमा नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
शोभायात्रा के दौरान समाजसेवियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बिस्किट, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई। इससे शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली।

इस अवसर पर यादव समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने समाज को संबोधित करते हुए एकजुटता, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए एकता, शिक्षा और संस्कार सबसे महत्वपूर्ण हैं। युवाओं से समाजहित में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान भी किया गया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर निकली यह भव्य शोभायात्रा खरसिया में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा की शानदार मिसाल बनकर सामने आई। शोभायात्रा ने पूरे नगर को श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में रंग दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments