होमआसपास-प्रदेशखरसिया में भावुक माहौल: "सिपाही रक्षा सूत्र संग्रहण कार्यक्रम" में बच्चियों और...

खरसिया में भावुक माहौल: “सिपाही रक्षा सूत्र संग्रहण कार्यक्रम” में बच्चियों और महिलाओं ने सैनिकों के नाम बांधी राखी

खरसिया(पब्लिक फोरम)10/8/26
पूर्व सैनिक संगठन “सिपाही”, पूर्व सैनिक महासभा एवं सभी राष्ट्रभक्त संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय सेना के वीर जवानों के सम्मान में सोमवार को नगर पालिका परिषद खरसिया के सभागार में “सिपाही रक्षा सूत्र संग्रहण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य सीमाओं पर तैनात जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और उनके मनोबल को बढ़ाना रहा।

बच्चियों ने बांधी राखी, महिलाओं ने समर्पित किए रक्षा सूत्र
इस भावनात्मक अवसर पर विद्यालय की बच्चियों ने देश के वीर सैनिकों के नाम राखी बांधकर उन्हें अपना भाई माना। वहीं विभिन्न महिला संगठनों की बहनों ने प्रेम, सम्मान और देशभक्ति की भावना से रक्षा सूत्र एकत्रित कर उन्हें समर्पित किया।

सभा में एकत्रित सभी रक्षा सूत्र पूर्व मेजर महेंद्र सिंह जी को सौंपे गए। वे इन रक्षा सूत्रों को देश की सीमाओं पर मातृभूमि की रक्षा में दिन-रात डटे हमारे वीर जवानों तक पहुंचाएंगे।

“हर धागे में सम्मान, हर राखी में संकल्प”
आयोजकों ने कहा कि ये रक्षा सूत्र केवल राखियां नहीं हैं। ये देश की बहनों का अपने वीर भाइयों के प्रति प्रेम, विश्वास और कृतज्ञता का प्रतीक हैं।
हर रक्षा सूत्र में देशभक्ति है, हर धागे में भारत के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान है और हर राखी में भारत माता की रक्षा का संकल्प है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक और आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरे सभागार में देशभक्ति के नारों और भावुक माहौल से वातावरण देशप्रेम से सराबोर हो उठा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments