होममाटी की महक और खुले आसमान का सच: आज़ादी, हक़, मुक्ति और...

माटी की महक और खुले आसमान का सच: आज़ादी, हक़, मुक्ति और उद्धार – शब्द चार, सफ़र एक

जल-जंगल-ज़मीन की संघर्षों से समझिए आज़ादी का असली अर्थ

साथियों! जब हम जंगल के बीच खड़े होकर गहरी सांस लेते हैं, तो हवा हमसे यह नहीं पूछती कि हम कौन हैं। जब नदी पहाड़ों का सीना चीरकर बहती है, तो वह किसी ठेकेदार या सरकार से बहने की इजाज़त नहीं मांगती। प्रकृति ने हम सबको जन्म से ही एक खुला आसमान और एक उन्मुक्त जीवन दिया है। लेकिन आज जब हम अपनी ज़िंदगी, अपने समाज और अपने अधिकारों की तरफ देखते हैं, तो पाते हैं कि हमें कदम-कदम पर संघर्ष करना पड़ रहा है।

अक्सर हम कहते हैं कि हमें “आज़ादी” चाहिए। लेकिन क्या हमने कभी सोचा है कि यह आज़ादी असल में है क्या? बाहरी दुनिया की किताबों में आज़ादी को चार अलग-अलग शब्दों में बांटा गया है- Freedom (फ्रीडम), Liberty (लिबर्टी), Liberation (लिबरेशन) और Emancipation (इमैन्सिपेशन)।

बाहर से देखने पर ये चारों शब्द एक जैसे लगते हैं, लेकिन अगर हम इन्हें अपने जंगल, ज़मीन और पुरखों के संघर्ष की नज़र से देखें, तो ये हमारी ज़िंदगी के चार अलग-अलग और बेहद अहम पड़ाव हैं। आइए, आज इन चार शब्दों को अपने जीवन की जड़ों से जोड़कर समझते हैं।

Freedom (फ्रीडम): हमारी प्राकृतिक स्वतंत्रता
‘फ्रीडम’ का मतलब है वह आज़ादी, जो हमें प्रकृति ने दी है। यह हमारी सांसों की आज़ादी है।
ज़रा जंगल में कुलांचें भरते उस हिरण को देखिए या आसमान में बेखौफ उड़ते उस बाज़ को देखिए। क्या उन्होंने अपनी आज़ादी किसी से मांगी है? नहीं। वे आज़ाद ही पैदा हुए हैं। उनके पैरों में कोई जंजीर नहीं है। ठीक इसी तरह, एक इंसान के रूप में बिना किसी डर के जीना, अपनी मर्जी से अपने जंगल-पहाड़ में घूमना, और अपनी प्राकृतिक अवस्था में रहना हमारी ‘Freedom’ है।

हमारे पुरखे जब जंगलों में रहते थे, तो वे किसी के गुलाम नहीं थे। उनका जीवन प्रकृति की लय के साथ चलता था। फ्रीडम हमें यह याद दिलाती है कि हम किसी के अधीन होने के लिए पैदा नहीं हुए हैं। यह कोई ऐसी चीज़ नहीं है जो कोई सरकार या कोई राजा हमें देता है; यह वह चीज़ है जिसे प्रकृति ने हमें जन्म के साथ उपहार में दिया है। शरीर और मन से बिना किसी रोक-टोक के जीना ही हमारी असली स्वतंत्रता है।

Liberty (लिबर्टी): ‘हमर गांव, हमर राज’ यानी हक़ वाली स्वाधीनता
हम आज़ाद तो हैं, लेकिन हम अकेले नहीं रहते। हम एक समाज में रहते हैं, एक गांव में रहते हैं। जब समाज बनता है, तो कुछ नियम भी बनते हैं। ऐसे में ‘लिबर्टी’ का मतलब है- उन नियमों के बीच अपने फैसले खुद लेने का अधिकार (हक़)।

मान लीजिए, आप जंगल में स्वतंत्र (Free) हैं, लेकिन उस जंगल का महुआ चुनने, तेंदूपत्ता तोड़ने, अपनी ग्राम सभा में बैठकर अपने गांव के विवादों को सुलझाने और अपनी परंपराओं को अपने तरीके से मनाने का जो हक़ आपको मिलता है, वह ‘Liberty’ है।
लिबर्टी हमें यह सिखाती है कि हमारे ऊपर किसी बाहरी ताकत का शासन नहीं चलेगा।

कोई बाहर का बाबू , अफसर या ठेकेदार हमें यह नहीं बताएगा कि हमारे देवठानों (पूजा स्थल) के नियम क्या होंगे। “हमारे गांव में हमारा राज” का जो सपना है, वही लिबर्टी है। यह वह स्वाधीनता है जो हमें अपने समाज का निर्माण खुद करने, अपनी भाषा बोलने और अपनी संस्कृति पर गर्व करने की जगह देती है। लिबर्टी हमें बताती है कि हम सिर्फ ज़िंदा नहीं हैं, बल्कि हम अपने जीवन के फैसले लेने वाले खुद मालिक हैं।

Liberation (लिबरेशन): शोषण की बेड़ियों को तोड़ना (मुक्ति)
अब सवाल यह है कि जब प्रकृति ने हमें आज़ाद (Freedom) बनाया है और अपने फैसले लेने का हक़ (Liberty) भी हमारा है, तो फिर दुःख क्यों है? दुःख इसलिए है क्योंकि कुछ लालची ताकतों ने, साहूकारों ने, और बाहर से आए लोगों ने हमारे भोलेपन का फायदा उठाकर हमें व्यवस्था के पिंजरे में कैद कर लिया।
‘लिबरेशन’ का मतलब है उस पिंजरे को तोड़कर बाहर निकलना। लिबरेशन कोई स्थिति नहीं है, यह एक “संघर्ष” है, एक आंदोलन है।

जब कोई चिड़िया जाल में फंस जाती है, तो वह चुप नहीं बैठती। वह फड़फड़ाती है, अपने पंखों से जाल को काटती है और आख़िरकार आसमान में उड़ जाती है। वह फड़फड़ाना, वह जाल को काटना ही ‘लिबरेशन’ (मुक्ति) है। जब हमारा आदिवासी भाई या बहन साहूकार के कर्ज़े की चक्की में पीढ़ियों से पिस रहा हो, या जब बिना ग्राम सभा की इजाज़त के हमारी ज़मीन छीनी जा रही हो, और तब हम अपना तीर-कमान या अपने कानून की किताब उठाकर आवाज़ बुलंद करते हैं- तो वह उलगुलान (महाविद्रोह) ही लिबरेशन है।

शहीद वीर नारायण सिंह, बिरसा मुंडा, वीर गुंडाधुर, तिलका मांझी और सिद्धू-कान्हू ने जो किया, वह लिबरेशन था। उन्होंने शोषण, अन्याय और गुलामी की बेड़ियों को तोड़ा। मुक्ति हमें सिखाती है कि अन्याय सहना हमारी नियति नहीं है। जब भी कोई हमें दबाने की कोशिश करेगा, हम उठ खड़े होंगे और अपनी मुक्ति का रास्ता खुद बनाएंगे।

Emancipation (इमैन्सिपेशन): अधिकारों और सम्मान की पूर्ण वापसी (उद्धार)
संघर्ष (लिबरेशन) के बाद का जो सबसे पवित्र और आखरी पड़ाव आता है, वह है ‘इमैन्सिपेशन’ यानी संपूर्ण उद्धार।
मुक्ति (लिबरेशन) का मतलब था कि हमने बेड़ियां तोड़ दीं और हम भाग निकले। लेकिन उद्धार (इमैन्सिपेशन) का मतलब है कि अब हमें भागने की ज़रूरत नहीं है। अब कानून, संविधान और पूरा समाज झुककर यह स्वीकार करता है कि हम बराबर हैं और यह ज़मीन हमारी है।

इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता है। मान लीजिए किसी आदिवासी परिवार से उनकी ज़मीन धोखे से छीनकर उन्हें उसी ज़मीन पर बंधुआ मज़दूर बना दिया गया। जब वह परिवार विद्रोह करके वहां से आज़ाद होता है, तो वह लिबरेशन (मुक्ति) है। लेकिन सालों बाद, जब देश का कानून उन्हें वह ज़मीन सम्मान के साथ वापस सौंपता है, उन्हें वन अधिकार का पट्टा (Land Title) मिलता है, और कोई उन्हें ‘पिछड़ा’ या ‘गुलाम’ कहने की हिम्मत नहीं कर पाता, तब वह ‘Emancipation’ (उद्धार) कहलाता है।

यह सिर्फ शरीर की आज़ादी नहीं है, यह सम्मान की आज़ादी है। यह वह अवस्था है जहां एक आदिवासी युवा गर्व से सीना तानकर खड़ा होता है और दुनिया से कहता है कि “मैं इस ज़मीन का असली वारिस हूँ। मेरे पास अपने पुरखों का ज्ञान भी है और आधुनिक दुनिया से कंधे से कंधा मिलाकर चलने की ताकत भी।” उद्धार का मतलब है सदियों के शोषण के दाग को हमेशा के लिए मिटा देना और एक नए, सशक्त समाज का निर्माण करना।

हमारी मंज़िल क्या है? हमें जाना कहां है?
हमारी यात्रा इन्हीं चार शब्दों के इर्द-गिर्द घूमती है:
🔹 हम इस प्रकृति की संतान हैं, यह हमारी स्वतंत्रता (Freedom) है।
🔹 हमारी ज़मीन और ग्राम सभा पर हमारा हक़ है, यह हमारी स्वाधीनता (Liberty) है।
🔹 जब हमारे जल-जंगल-ज़मीन को कोई लूटेगा, तो हम उसके खिलाफ जो लड़ाई लड़ेंगे, वह हमारी मुक्ति (Liberation) है।
🔹 और जब हम अपना छीना हुआ सम्मान और अधिकार पूरी तरह वापस पा लेंगे, और हमारी आने वाली पीढ़ियां बिना किसी डर या हीन भावना के गर्व से जीयेंगी, तो वह हमारा उद्धार (Emancipation) होगा।

आज समय आ गया है कि हम सिर्फ ‘आज़ादी’ मांगें नहीं, बल्कि अपने हक़ को समझें। हमें मुक्ति के लिए आवाज़ भी उठानी है और अपने संपूर्ण उद्धार के लिए शिक्षा, संगठन और संविधान का रास्ता भी अपनाना है। जब हमारे समाज का हर एक व्यक्ति इन बातों को समझ जाएगा, तो दुनिया की कोई भी ताकत हमारे जल, जंगल और ज़मीन पर बुरी नज़र नहीं डाल सकेगी।
यही हमारे पुरखों का सपना था, यही हमारा संकल्प होना चाहिए। उठिए, जागिए और अपने हक़, अपनी मुक्ति और अपने सम्मान के लिए एक हो जाइए।
शुभकामनाएं, सेवा जोहार!
– स्वाती गीतराज

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments