कोरबा (पब्लिक फोरम)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों के विरुद्ध तीखा मोर्चा खोल दिया है। भाजपा जिला कार्यालय पं. दीनदयाल कुंज, टीपी नगर कोरबा में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस ऐतिहासिक विधेयक का विरोध कर करोड़ों महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों को रौंदा है।
प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार और प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता बेनकाब हुई
भाजपा नेताओं ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। लेकिन विपक्ष ने इस विधेयक का विरोध कर न केवल अपनी महिला-विरोधी सोच को उजागर किया, बल्कि मातृशक्ति के साथ घोर अन्याय भी किया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सदैव “राष्ट्र प्रथम” की भावना से कार्य करती है और महिला सशक्तीकरण उसकी प्राथमिकता है — इसी संकल्प की अभिव्यक्ति इस विधेयक में हुई थी।
परिवारवाद पर सीधा वार
भाजपा ने कांग्रेस पर परिवारवाद को राजनीतिक हथियार बनाने का भी गंभीर आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि विपक्षी दल नहीं चाहते कि आम घर की बेटियाँ और महिलाएं सियासत में आगे आएं, क्योंकि उनकी राजनीति चंद परिवारों की चारदीवारी में कैद है। ऐसे दल लोकतंत्र के लिए नासूर से कम नहीं।
अभियान जारी रहेगा
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि भले ही सदन में संख्या बल की कमी के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका, पर भाजपा हार मानने वाली नहीं है। पार्टी जन-जन के बीच जाकर कांग्रेस की इस सोच को बेनकाब करती रहेगी और महिलाओं के हक की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएगी।





Recent Comments