होमआसपास-प्रदेशकोरबा में आज होगा बिरसा मुंडा चौक का लोकार्पण, आदिवासी अस्मिता और...

कोरबा में आज होगा बिरसा मुंडा चौक का लोकार्पण, आदिवासी अस्मिता और गौरव को मिलेगी नई पहचान

बिरसा मुंडा जयंती पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि, महापौर संजू देवी राजपूत करेंगी समारोह की अध्यक्षता।

- Advertisement -

कोरबा (पब्लिक फोरम)। महान आदिवासी जननायक, स्वतंत्रता सेनानी एवं जनसंघर्ष के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर कोरबा के पुष्प विहार, आर.एस.एस. नगर, वार्ड क्रमांक 26 स्थित चौक का नामकरण ‘बिरसा मुंडा चौक’ के रूप में किया जाएगा। इस अवसर पर चौक के नामकरण एवं लोकार्पण समारोह का आयोजन रविवार, 15 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे किया गया है।

बिरसा मुंडा जयंती समारोह समिति के संयोजक मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री माननीय श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता कोरबा नगर निगम की महापौर माननीया श्रीमती संजू देवी राजपूत करेंगी। वहीं, वार्ड क्रमांक 26, आर.एस.एस. नगर के पार्षद माननीय श्री अब्दुल रहमान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय, शोषण और औपनिवेशिक दमन के विरुद्ध संघर्ष, जल-जंगल-जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने अपने विचारों, संघर्ष और नेतृत्व से जनसमुदाय में आत्मसम्मान, एकजुटता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। उनका जीवन आज भी सामाजिक न्याय, समानता और मानवीय गरिमा के लिए संघर्ष करने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता है।

चौक का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किया जाना केवल एक स्थान को नई पहचान देने की पहल नहीं है, बल्कि यह उनके ऐतिहासिक योगदान, संघर्षशील विरासत और आदिवासी समाज की गौरवशाली पहचान को सार्वजनिक जीवन में सम्मानपूर्वक स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है। इस पहल से आने वाली पीढ़ियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, विचारों और संघर्षों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

समारोह समिति के संयोजक मंडल ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं आदिवासी समाज के लोगों से सपरिवार उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

कार्यक्रम का विवरण
– आयोजन: बिरसा मुंडा चौक नामकरण एवं लोकार्पण समारोह
– दिनांक: 15 नवंबर 2026, रविवार
– समय: दोपहर 3 बजे
– स्थान: पुष्प विहार, आर.एस.एस. नगर, वार्ड क्रमांक 26, कोरबा (छत्तीसगढ़)
– मुख्य अतिथि: श्री लखनलाल देवांगन, उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन
– अध्यक्षता: श्रीमती संजू देवी राजपूत, महापौर, नगर पालिक निगम कोरबा
– विशिष्ट अतिथि: श्री अब्दुल रहमान, पार्षद, वार्ड क्रमांक 26
विनीत
संयोजक मंडल
बिरसा मुंडा जयंती समारोह समिति
पुष्प विहार, आर.एस.एस. नगर, वार्ड क्रमांक 26
जिला – कोरबा (छत्तीसगढ़)

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments