डीएमएफ से होगा अतिरिक्त कक्ष का निर्माण, अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण
रायगढ़(पब्लिक फोरम)। मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी के मार्गदर्शन में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। रायगढ़ जिले में भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) द्वारा खरसिया के बाल मंदिर स्कूल में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए 26 लाख 50 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की 11 मई 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के परिपालन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के उच्च प्राथमिकता प्राप्त शिक्षा सेक्टर अंतर्गत उक्त राशि स्वीकृत की गई है। स्वीकृत राशि से नगर पंचायत खरसिया के वार्ड क्रमांक 11 स्थित बाल मंदिर स्कूल में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य का क्रियान्वयन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अंतर्गत नगर पालिका परिषद खरसिया द्वारा किया जाएगा। स्वीकृत कार्य को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप 210 दिनों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के निर्माण से बाल मंदिर स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त कक्ष व्यवस्था सुनिश्चित होने के साथ ही शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने में सहायता मिलेगी। प्रशासकीय स्वीकृति आदेश में कार्य की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कार्य एजेंसी को निर्धारित नियमों और मापदंडों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वीकृत राशि का उपयोग केवल निर्धारित निर्माण कार्य के लिए सुनिश्चित करते हुए कार्य को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने कहा गया है।
खरसिया के बाल मंदिर स्कूल में अधोसंरचना विकास के लिए 26.50 लाख रुपये स्वीकृत
RELATED ARTICLES





Recent Comments