खरसिया (पब्लिक फोरम)। गर्ग परिवार (बहु झोलरी वाले) द्वारा पितृ मोक्षार्थ गया श्राद्ध के अंतर्गत श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कथा 13 सितंबर से 19 सितंबर 2025 तक स्थानीय अजीत सिंह नगर में होगी। कथा का रसपान कराने के लिए श्रीधाम वृंदावन के ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के शयन भोग सेवा अधिकारी, विश्व विख्यात भागवताचार्य पूज्य आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज का आगमन हो रहा है।
आयोजक और नगर पालिका परिषद खरसिया के अध्यक्ष कमल गर्ग ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूज्य महाराज श्री ने मात्र 16 वर्ष की अल्प आयु में हरिद्वार में गंगा के पावन तट पर प्रथम भागवत कथा का शुभारंभ किया था। तब से निरंतर अपनी मधुर वाणी और संगीत से कोटि-कोटि श्रद्धालुओं को भक्ति का रसपान करा रहे हैं। उनकी कथा में भारतीय संस्कृति, सामाजिक संस्कार और श्री बांके बिहारी जी, श्री राधा रानी की भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
कल निकलेगी भव्य शोभायात्रा
कथा से पूर्व कल एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए कथा स्थल अजीत सिंह नगर पहुंचेगी।
भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था
आयोजक परिवार ने बताया कि राज्य और क्षेत्र के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के आने की सूचना है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कथा स्थल पर विशाल डोम और भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसमें बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। गर्ग परिवार ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का रसास्वादन करने का अनुरोध किया है।






Recent Comments