
खरसिया(पब्लिक फोरम)।शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर श्री लखीराम ऑडिटोरियम, खरसिया में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खरसिया अंचल के सेवानिवृत्त शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारियों को ‘खरसिया गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया, जबकि वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे प्रधान पाठकों एवं प्राचार्यों को ‘शिक्षक सम्मान’ प्रदान किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि वह जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। शिक्षक द्वारा दिए गए संस्कार, अनुशासन और शिक्षा का प्रभाव एक विद्यार्थी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण तक जाता है।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षकों के सेवाकाल और उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। कहा गया कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति सेवा का अंत हो सकती है, पर समाज और विद्यार्थियों के प्रति शिक्षक का योगदान सदैव स्मरणीय रहता है। अपने जीवन के अनमोल वर्ष विद्यार्थियों के भविष्य को गढ़ने में समर्पित करने वाले सभी गुरूजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
वहीं वर्तमान में शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रधान पाठकों और प्राचार्यों के निरंतर योगदान की भी सराहना की गई।

ये रहे उपस्थित:
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, नगर पालिका परिषद खरसिया अध्यक्ष कमल गर्ग वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रविंद्र गवेल, एसडीएम प्रवीण भगत, एसडीओपी सतीश भार्गव, सीएमओ नीतू अग्रवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष, अवध नारायण बंटी सोनी, जनपद उपाध्यक्ष हितेश गवेल, मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, गिरधारी गवेल, पार्षदगण दीपक अग्रवाल, ललित राठौर , अरुण चौधरी ,विनोद सिदार , साहिल शर्मा ‘चीनू’ सहित छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षक दिवस पर शत्-शत् नमन किया गया।






Recent Comments