होमआसपास-प्रदेशप्रेस रिपोर्टर क्लब कोरबा की अहम बैठक सम्पन्न:  संगठन विस्तार और पत्रकार...

प्रेस रिपोर्टर क्लब कोरबा की अहम बैठक सम्पन्न:  संगठन विस्तार और पत्रकार हितों पर बनी रणनीति

कोरबा (पब्लिक फोरम)। प्रेस रिपोर्टर क्लब कोरबा द्वारा रविवार को स्थानीय पश्चिम हसदेव ताप विद्युत गृह स्थित ईरिक्टर हॉस्टल में सम्मान समारोह एवं परिचय सम्मेलन के तहत एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन से पंजीकृत इस संगठन की बैठक में प्रदेश एवं संभाग स्तर के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में पत्रकार हितों की सुरक्षा, संगठनात्मक मजबूती और जिले में संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बाल बोंदरे, प्रदेश संरक्षक अनूप सोनी एवं कमल मित्तल, प्रदेश सचिव श्याम मोहन गुप्ता, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव रिचा खंडेलवाल, संभागीय सचिव सतीश यादव तथा संभागीय फोटोग्राफर टीकाराम विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में कोरबा जिला इकाई से जिला अध्यक्ष अहिमन लाल खरे, जिला संरक्षक बालकृष्ण मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार सहिस, जिला कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी धरम दास महंत, जिला सचिव पी. रविंद्र कुमार, जिला महासचिव भोला निषाद सहित अनिल सिंह, अजय वस्त्रकार, मिंटू सारथी, दुर्गेश दास और सोनी कर्ष समेत बड़ी संख्या में पत्रकार सदस्य उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त बिलासपुर से जिला अध्यक्ष विजय साहू, सह सचिव रामकुमार साहू, जिला संगठन मंत्री संतोष पटेल तथा रायगढ़ से जिला अध्यक्ष हिमांशु चौहान भी विशेष रूप से बैठक में शामिल हुए। सभी अतिथियों का कोरबा जिला कार्यकारिणी द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अहिमन लाल खरे ने की। इस दौरान जिले में पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने अपने संबोधन में पत्रकारों की एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन को ब्लॉक स्तर तक सक्रिय एवं सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों से गुजर रही है, ऐसे में संगठित प्रयास ही पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।

बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के उपरांत जिला इकाई के सुचारू संचालन हेतु कार्यकारिणी का औपचारिक गठन भी किया गया। विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की रूपरेखा तय की गई।

सभी उपस्थित सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने संगठन की नीतियों पर सहमति जताते हुए पत्रकार एकता और पारदर्शी कार्यशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सम्मेलन ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि प्रेस रिपोर्टर क्लब कोरबा आने वाले समय में पत्रकारों की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाने तथा जिले में पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments