कोरबा (पब्लिक फोरम)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को घंटाघर चौक स्थित स्थानीय पेट्रोल पंप के समीप महंगाई, पेट्रोल-डीजल संकट और घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए जमकर विरोध जताया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल, घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि पिछले सात वर्षों से देशभर में उर्वरक (खाद) की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें यूरिया के कम उपयोग की सलाह दे रही है। चौहान ने कहा कि वर्ष 2014 में किसानों की आय दोगुनी करने का वादा कर सत्ता में आई सरकार किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने में असफल रही है, जिसके कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है और किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस सचिव बी.एन. सिंह ने कहा कि बीते दो महीनों से डीजल, पेट्रोल और घरेलू एवं व्यावसायिक गैस की किल्लत से जनता परेशान है। पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं मिल रहा, वहीं गैस सिलेंडर के लिए लोगों को एजेंसियों के बाहर तेज धूप में घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। उन्होंने इसे सरकार की आपूर्ति व्यवस्था की गंभीर विफलता बताया।
जिला उपाध्यक्ष एवं महिला आयोग की पूर्व सदस्य अर्चना उपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘अच्छे दिन’ लाने का वादा किया था, लेकिन आज देश की जनता उन वादों को याद कर रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब आम और मध्यमवर्गीय परिवार रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब सोना खरीदने की अपील करना जनता की वास्तविक समस्याओं से दूरी को दर्शाता है।
जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी-शाह सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार झेल रही है, जबकि आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों ने परिवारों का मासिक बजट बिगाड़ दिया है।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, श्याम सुंदर सोनी, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर, दुष्यंत शर्मा, इंटक नेता मनहरण लाल राठौर, पार्षद नारायण लाल कुर्रे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, जिला सचिव डॉ. डी.आर. नेताम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने पेट्रोल-डीजल संकट और बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।





Recent Comments