होमआसपास-प्रदेशमई दिवस पर भिलाई में इस्पात मजदूरों की हुंकार - हक मांगो...

मई दिवस पर भिलाई में इस्पात मजदूरों की हुंकार – हक मांगो तो गेट पास छिनने की धमकी, फिर भी लड़ेंगे!

— सेंटर ऑफ स्टील वर्कर्स (ऐक्टू) की बैठक में ठेका मजदूरों ने सुनाई अपनी व्यथा, उठाई एकजुट आवाज

भिलाई (पब्लिक फोरम)। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस – 01 मई 2026 – पर सेंटर ऑफ स्टील वर्कर्स (ऐक्टू) ने भिलाई के सेक्टर-6 में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। बैठक का आगाज़ श्रमिक आंदोलन में अपनी जानें न्योछावर कर देने वाले शहीद साथियों को एक मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि देने से हुआ – एक ऐसा क्षण, जिसने पूरे माहौल को गंभीर और संकल्पित कर दिया।

इतिहास, आव्हान और संकल्प – तीन सूत्रों में बंधी बैठक
बैठक में मई दिवस के संक्षिप्त लेकिन प्रेरणादायी इतिहास का पाठ किया गया। इसके साथ ही ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (ऐक्टू) द्वारा जारी मजदूर वर्ग के आव्हान और भाकपा (माले) लिबरेशन के मई दिवस 2026 संकल्प का सामूहिक वाचन किया गया। इसके बाद मजदूरों की जमीनी स्थिति और उनकी ज्वलंत समस्याओं पर खुलकर बातचीत हुई।

“हक मांगा तो नेतागिरी का इल्ज़ाम” – ठेका मजदूरों की दर्दनाक दास्तां

बैठक का सबसे मार्मिक हिस्सा रहा – ठेका मजदूरों का अपना दुखड़ा। उन्होंने बताया कि जब भी वे अपने अधिकारों की बात करते हैं, उन्हें “गेट पास छीनने की धमकी” दी जाती है। कोई आवाज़ उठाए तो कहा जाता है – “नेतागिरी कर रहे हो।” मेडिकल का बहाना बनाकर मजदूरों को काम से निकाला जा रहा है।

यही नहीं, “बैंक में वेतन जमा होते ही ठेकेदार हिस्सा वसूल लेते हैं।” नौकरी से निकाले जाने पर अंतिम भुगतान तक नहीं मिलता। भीषण महंगाई के इस दौर में इतने कम वेतन में परिवार का गुज़ारा करना दिन-ब-दिन असंभव होता जा रहा है। मजदूरों ने स्पष्ट और एकस्वर मांग रखी-
“इस महंगाई में कम से कम ₹20,000 प्रतिमाह मिलना चाहिए।”

बैठक में उठाई गई प्रमुख मांगें
बैठक में श्रमिकों ने निम्नलिखित ठोस मांगें रखीं —
– भिलाई इस्पात संयंत्र की टाउनशिप और जोरातराई में ईएसआईसी का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाए।
– 8 घंटे से अधिक ओवरटाइम कार्य पर दोगुनी मजदूरी सुनिश्चित की जाए।
– श्रम कानूनों और सुरक्षा नियमों को कड़ाई से लागू किया जाए।
– श्रम विरोधी कॉर्पोरेट ताकतों को परास्त कर नए श्रम कोड को रद्द किया जाए।
– भीषण गर्मी को देखते हुए मजदूरों को उचित सुविधाएं प्रदान की जाएं।

बैठक में श्यामलाल साहू, ए. शेखर राव, आर.पी. गजेंद्र, ए.बी. सिंह, आर.पी. चौधरी, मंथीर नायक, राकेश साहू, राजेश बांधे, अशोक मिरी, टीकाराम चुनारकर, दीनानाथ प्रसाद, सनी कुमार साहू, पंचम सिक्का, अभिषेक बाघ, खिरोध प्रधान, घनश्याम त्रिपाठी, जीवनलाल कुर्रे, गिरीश राव, मुक्तानंद साहू, राजेन्द्र परगनिहा, बृजेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments