कोरबा (पब्लिक फोरम)। जिले के भैंसमा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बरपाली में रविवार, 15 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद की महत्वपूर्ण ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आदिवासी समाज के बीच नेतृत्व को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संपन्न हुई।
बैठक का आयोजन प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश सिंह कुसरो, जिलाध्यक्ष वीरसाय धनवार तथा जिला महासचिव राममूरत कंवर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में संगठन की गतिविधियों, सामाजिक मुद्दों तथा आदिवासी समाज के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठनात्मक दायित्वों का भी विस्तार किया गया। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती गंगोत्री कंवर को महिला प्रभाग की ब्लॉक अध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया। वहीं ग्राम पंचायत फुलसरी के सरपंच चमरा सिंह कंवर को संगठन का ब्लॉक उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। दोनों पदाधिकारियों को संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा के साथ शुभकामनाएँ दीं।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की एकता, अधिकारों की रक्षा और सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए संगठित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। परिषद का उद्देश्य समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाना और उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना है।
बैठक में समाज के कई वरिष्ठ और सक्रिय कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिनमें श्रीमती शनिरो कंवर (पूर्व जनपद अध्यक्ष), समयलाल कंवर (पूर्व सरपंच), धनसिंह कंवर, जयलाल कंवर (पंच), कन्हैयालाल कंवर, श्री राजकुमार कंवर (पंच), गोपी प्रसाद कंवर, घुरबीन कंवर, मनीराम कंवर (पंच), चन्द्रभान राठिया, देवीराम, मालिकराम कंवर, चमार राय, सुख सिंह, श्रीमती मति हसीना, श्रीमती विमला बाई तथा श्रीमती हटाई सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
बैठक के अंत में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, युवाओं तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और आदिवासी समाज के अधिकारों व विकास के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नए दायित्व मिलने के बाद संगठन की गतिविधियाँ क्षेत्र में और अधिक सशक्त तथा प्रभावी होंगी।





Recent Comments