back to top
शुक्रवार, फ़रवरी 20, 2026
होमआसपास-प्रदेशघरघोड़ा आईटीआई में 24 फरवरी को मेगा प्लेसमेंट कैंप: 480 से अधिक...

घरघोड़ा आईटीआई में 24 फरवरी को मेगा प्लेसमेंट कैंप: 480 से अधिक पदों पर भर्ती; युवाओं को रोजगार का सुनहरा अवसर

रायगढ़ (पब्लिक फोरम)। शासकीय आईटीआई परिसर, घरघोड़ा में 24 फरवरी (मंगलवार) को प्रातः 10:30 बजे से एक दिवसीय मेगा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन ई-रोजगार पोर्टल में पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए विशेष रूप से किया जा रहा है, जिसमें जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के योग्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस प्लेसमेंट कैंप का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उनके कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना तथा बेरोजगारी की समस्या को कम करना है। कैंप में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य होगा।

480 से अधिक पदों पर होगी सीधी भर्ती
प्लेसमेंट कैंप में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी, जिनके माध्यम से कुल 480 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी।

परिश्रम रिसोर्स प्रा. लि., गुरुग्राम द्वारा मीटर इंस्टॉलर एवं सुपरवाइजर के कुल 300 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए आईटीआई एवं नॉन-आईटीआई अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 25,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, रायगढ़ द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें-

लाइफ मित्र: 120 पद (योग्यता – 10वीं पास, वेतन 5,000 से 10,000 रुपये प्रतिमाह)

सेल्स ऑफिसर: 40 पद (योग्यता – स्नातक, वेतन 15,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह)

डेवलपमेंट ऑफिसर: 20 पद (योग्यता – स्नातक, वेतन 20,000 रुपये प्रतिमाह)

इन पदों का कार्यक्षेत्र तमनार, घरघोड़ा, लैलूंगा एवं धरमजयगढ़ क्षेत्र निर्धारित किया गया है।

सभी मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ प्लेसमेंट कैंप में उपस्थित होकर सीधे चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। यह युवाओं के लिए बिना किसी एजेंसी शुल्क के रोजगार प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय, रायगढ़ से संपर्क कर सकते हैं।
यह प्लेसमेंट कैंप क्षेत्र के युवाओं के लिए न केवल रोजगार का अवसर है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ठोस कदम भी है। प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments