होमआसपास-प्रदेशजिले में खुलेंगे 7 नए धान उपार्जन केंद्र किसानों को अपने क्षेत्र...

जिले में खुलेंगे 7 नए धान उपार्जन केंद्र किसानों को अपने क्षेत्र के नजदीक मिलेगी धान विक्रय की सुविधा समय और परिवहन व्यय की होगी बचत, 105 से बढ़कर अब 112 उपार्जन केंद्र


रायगढ़(पब्लिक फोरम)। 27 अक्टूबर 2026/ किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने रायगढ़ जिले में 7 नवीन धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति प्रदान की है। नए केंद्र विकासखण्ड धरमजयगढ़ के मुनुंद, विकासखण्ड पुसौर के झलमला, लोहरसिंग, नंदेली ओडेकेरा एवं नावापारा-अ तथा विकासखण्ड तमनार के खुुरूषलेंगा में धान उपार्जन केन्द्र खोले जाएंगे। जिले में गत वर्ष 79 सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से 105 धान उपार्जन केंद्र संचालित था। इस वर्ष 7 नए उपार्जन केंद्र शुरू होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 112 हो गई। इससे आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों किसानों को अपने क्षेत्र के नजदीक धान विक्रय की सुविधा मिलेगी, जिससे उनके समय और परिवहन व्यय की बचत होगी।
    शासन के निर्देशानुसार नवीन उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। केंद्रों में कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर, किसानों के बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए फिंगरप्रिंट डिवाइस, नमी मापक यंत्र और इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही इंटरनेट, बिजली, पेयजल, पर्याप्त भंडारण स्थान एवं सुगम पहुंच मार्ग की व्यवस्था भी की जाएगी। कलेक्टर ने सभी नवीन केंद्रों में धान बिक्री के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को सुचारू एवं सुविधाजनक धान विक्रय की सुविधा मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments