back to top
गुरूवार, सितम्बर 11, 2025
होमआसपास-प्रदेशबालको के पूर्व इंटक अध्यक्ष एवं श्रमिक नेता बालेश्वर झा का निधन:...

बालको के पूर्व इंटक अध्यक्ष एवं श्रमिक नेता बालेश्वर झा का निधन: शोक की लहर

कोरबा (पब्लिक फोरम)। भारत अल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के सेवानिवृत्त अधिकारी और भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के पूर्व अध्यक्ष, श्री बालेश्वर झा का सोमवार, 18 अगस्त, 2025 को पटना के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से श्रमिक जगत में शोक की लहर है।

श्री झा मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गरहुंआ पोस्ट के अंतर्गत पड़ेयां बथना गाँव के निवासी थे। वे वर्ष 2003 में बालको से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने कार्यकाल के दौरान और उसके बाद भी वे श्रमिकों के हितों के लिए सदैव समर्पित रहे। उन्होंने छत्तीसगढ़ और अविभाजित मध्य प्रदेश में प्रमुख श्रमिक संगठन इंटक में लंबे समय तक कई वरिष्ठ पदों पर अपनी सेवाएँ दीं।

श्रमिकों के बीच उनकी पहचान एक जुझारू और समन्वयवादी नेता के रूप में थी। बालको के निजीकरण के समय स्टरलाइट (वेदांता) के खिलाफ हुए ऐतिहासिक श्रमिक आंदोलन में उनकी भूमिका अत्यंत उल्लेखनीय थी। वे कठिन परिस्थितियों में भी विभिन्न श्रमिक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित कर संघर्ष को आगे बढ़ाने की अद्भुत क्षमता रखते थे। उनके इसी अविस्मरणीय योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

श्री बालेश्वर झा अपने पीछे पत्नी हीरामणि, दो पुत्र अरविंद कुमार व आलोक, तथा पुत्री जयंती सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार, 19 अगस्त, 2025 को बिहार के हाजीपुर स्थित गंगा घाट पर किया जाएगा।

उनके दुःखद निधन पर बालको के सभी श्रमिक संगठनों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए इसे श्रमिक आंदोलन के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments