back to top
रविवार, जुलाई 27, 2025
होमआसपास-प्रदेशडॉ. राजेन्द्र प्रसाद: राष्ट्र निर्माण के प्रेरणास्रोत की 141वीं जयंती पर कोरबा...

डॉ. राजेन्द्र प्रसाद: राष्ट्र निर्माण के प्रेरणास्रोत की 141वीं जयंती पर कोरबा में भावपूर्ण स्मरण

कोरबा (पब्लिक फोरम)। देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा और ग्रामीण शाखा ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। यह आयोजन जिला कांग्रेस कार्यालय में किया गया, जहां पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके महान राष्ट्रीय योगदान को स्मरण किया।

डॉ. राजेंद्र प्रसाद: भारतीय संविधान के संरक्षक और प्रेरणास्त्रोत
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप जायसवाल ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा, “डॉ. प्रसाद ने अपनी अद्वितीय योग्यता और समर्पण से भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। वे न केवल कुशल प्रशासक थे, बल्कि देशवासियों के दिलों में सदियों तक अमिट रहेंगे। उनके विचार और आदर्श हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।”

ब्लॉक कांग्रेस कोरबा अध्यक्ष संतोष राठौर ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व का उल्लेख करते हुए कहा, “डॉ. प्रसाद सिर्फ एक कुशल राजनेता और प्रशासक ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और महान इंसान भी थे। प्रथम राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने जिस दूरदर्शिता और दृढ़ता से भारत का नेतृत्व किया, वह हर युग के लिए मिसाल है।”

आजादी के बाद देश की नई पहचान गढ़ने में अहम भूमिका
ब्लॉक कांग्रेस दर्री अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने कहा, “आजादी के बाद भारत को कई नई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उस समय डॉ. प्रसाद ने अपने नेतृत्व और संकल्प से देश को नई दिशा दी। उन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई।”
कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद ने कहा, “डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जीवन और उनके योगदान युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत हैं। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में योगदान अद्वितीय है।”

कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्मरण
कार्यक्रम में नारायण कुर्रे, गिरधारी बरेठ, लखन लाल सहिस, बसंत चंद्र, द्रोपती तिवारी, शांता मंडावे, माधुरी ध्रुव, टिकी महंत, हाजी इकबाल दयाला, त्रिवेणी मिरी, प्रीतम कटकवार, पी.डी. महंत, दरोगा दास महंत, ज्ञानचंद, नारायण अग्रवाल और सुरेश कुमार अग्रवाल ने भी डॉ. प्रसाद की जीवनी और योगदान पर विचार साझा किए। सभी ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments