ग्वालियर (पब्लिक फोरम)। वर्ष 2024 के जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान से हिंदी के प्रमुख कवि, नवगीतकार, व्यंग्यकार, और बहुमुखी साहित्यकर्मी यश मालवीय को सम्मानित किया जाएगा। सरोज स्मृति न्यास ने बैठक में चर्चा कर यह निर्णय लिया। यह जानकारी न्यास के अध्यक्ष महेश कटारे ‘सुगम’ और सचिव मान्यता सरोज ने दी।
इलाहाबाद के यश मालवीय हिंदी साहित्य में एक प्रतिष्ठित नाम हैं। उनका साहित्यिक योगदान विविध और समृद्ध है। उनकी अब तक दर्जन भर से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें “कहो सदाशिव”, “उड़ान से पहले”, “एक चिड़िया अलगनी पर एक मन में”, “बुद्ध मुस्कुराए”, “एक आग आदिम”, “कुछ बोलो चिड़िया”, “रोशनी देती बीड़ियाँ”, “नींद कागज की तरह” जैसे नवगीत संग्रह शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने “चिनगारी के बीज” नाम से दोहा संग्रह, “इंटरनेट पर लड्डू”, “कृपया लाइन में आएँ”, “सर्वर डाउन है” जैसे व्यंग्य संग्रह भी लिखे हैं। उनके बाल गीत संग्रह “रेनी डे” और “ताकधिनाधिन” भी काफी लोकप्रिय हैं। यश मालवीय रंगमंच से भी जुड़े हैं और उन्होंने भारत रंग महोत्सव, नई दिल्ली में “मैं कठपुतली अलबेली” नाटक का मंचन किया है। इसके अलावा, उन्होंने उदय प्रकाश की कहानी पर आधारित फिल्म “मोहनदास” के लिए गीत लेखन भी किया है। वे पिछले साढ़े तीन दशकों से दूरदर्शन और आकाशवाणी के विभिन्न केंद्रों से रचनाओं का प्रसारण और राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पत्रिकाओं में स्तंभ लेखन कर रहे हैं।
यश मालवीय को कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इनमें उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का निराला सम्मान (दो बार), उमाकांत मालवीय पुरस्कार, सर्जना सम्मान, मुंबई का मोदी कला भारती सम्मान, नई दिल्ली से परम्परा ऋतुराज सम्मान, शकुंतला सिरोठिया बाल साहित्य पुरस्कार शामिल हैं।
जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान अब देश के प्रमुख साहित्य सम्मानों में से एक बन गया है। यह सम्मान बिना किसी सरकारी या व्यावसायिक सहयोग के, सरोज जी के प्रशंसकों और ग्वालियर के सजग साहित्यिक-सामाजिक समुदाय द्वारा प्रदान किया जाता है। हिंदी के अलावा यह सम्मान उर्दू, संथाली, बुंदेली, अंग्रेजी, ओरांव, और असमिया भाषा के कवियों को भी दिया गया है। न्यास के अनुसार, यश मालवीय को दिया जाने वाला यह 20वां सरोज सम्मान है और वे 21वें सम्मानित कवि हैं।
यह सम्मान समारोह हर साल की तरह इस वर्ष भी सरोज जी के जन्मदिन 26 जुलाई को ग्वालियर में आयोजित होगा।
जनकवि मुकुट बिहारी सरोज स्मृति सम्मान से अब तक सीताकिशोर खरे (सेंवढ़ा), निर्मला पुतुल (दुमका, झारखंड), निदा फ़ाज़ली (मुंबई), कृष्ण बक्षी (गंज बासौदा), अदम गोंडवी (गोंडा), उदय प्रताप सिंह (दिल्ली-मैनपुरी), नरेश सक्सेना (लखनऊ), राजेश जोशी (भोपाल), डॉ. सविता सिंह (दिल्ली), राम अधीर (भोपाल), प्रकाश दीक्षित (ग्वालियर), कात्यायनी (लखनऊ), महेश कटारे ‘सुगम’ (बीना), शुभा और मनमोहन (रोहतक), मालिनी गौतम (गुजरात), विष्णु नागर (दिल्ली), जसिंता केरकट्टा (रांची), देवेन्द्र आर्य (गोरखपुर) और सुश्री कविता कर्मकार (गौहाटी) को सम्मानित किया जा चुका है।
Recent Comments