back to top
गुरूवार, जनवरी 22, 2026
होमआसपास-प्रदेशउन्नाव गैंगरेप जांच में गड़बड़ी के आरोपों पर महिला कांग्रेस का आक्रोश:...

उन्नाव गैंगरेप जांच में गड़बड़ी के आरोपों पर महिला कांग्रेस का आक्रोश: 9 जनवरी को कोरबा में विरोध प्रदर्शन व पुतला दहन

कोरबा (पब्लिक फोरम)। उन्नाव गैंगरेप मामले में जांच प्रक्रिया को लेकर सामने आए गंभीर आरोपों ने एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। इसी कड़ी में महिला कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन का ऐलान किया है। यह कार्यक्रम शुक्रवार, 9 जनवरी 2026 को संध्या 4 बजे, ओपन थियेटर घंटाघर के पास आयोजित किया जाएगा।

महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष श्रीमती कुसुम द्विवेदी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह विरोध कार्यक्रम महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा तथा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम के स्पष्ट निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के खिलाफ अपराध और न्याय प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या पक्षपात को कतई स्वीकार नहीं करेगी।

महिला कांग्रेस की जिला महामंत्री माधुरी ध्रुव ने बताया कि उन्नाव गैंगरेप पीड़िता ने अपनी शिकायत में जांच के दौरान गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, जांच में जानबूझकर गड़बड़ी कर आरोपियों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया, जो न केवल न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि पीड़िता के अधिकारों का भी खुला उल्लंघन है।

माधुरी ध्रुव ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में सत्ता और प्रशासन की भूमिका निष्पक्ष, पारदर्शी और पीड़ित-केन्द्रित होनी चाहिए। यदि जांच प्रक्रिया ही संदिग्ध हो जाए, तो न्याय की उम्मीद कैसे की जा सकती है। इसी के विरोध में महिला कांग्रेस द्वारा भाजपा का पुतला दहन कर जनाक्रोश व्यक्त किया जाएगा।

महिला कांग्रेस नेताओं ने आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसी एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए चल रही व्यापक लड़ाई का हिस्सा है। महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उसका संघर्ष जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments