
रायगढ़(पब्लिक फोरम)। विश्व महिला दिवस के अवसर पर न्यायालय परिसर घरघोड़ा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के सम्मान में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश शहाबुद्दीन कुरैशी एवं जिला अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री प्रीति झा की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश एवं अपर सत्र न्यायाधीश महोदय द्वारा न्यायालय में कर्तव्यनिष्ठा, एवं समर्पण भाव से उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला न्यायालयीन कर्मचारियों तथा स्वच्छता कार्य में संलग्न स्वच्छता दीदियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए भेंट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने उद्बोधन में विशेष न्यायाधीश शहाबुद्दीन कुरैशी महोदय ने उपस्थित न्यायालयीन कर्मचारियों एवं पैरालीगल वालिंटियर्स को संबोधित करते हुए महिलाओं के विधिक अधिकारों, महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता एवं सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न विधिक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि विश्व महिला दिवस प्रतिवर्ष 08 मार्च को महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण, उनके सम्मान, समान अवसर एवं सामाजिक न्याय के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है।
अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा जी ने कहा कि समाज में महिलाओं की गरिमा एवं अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं विधिक दायित्व है। न्याय व्यवस्था से जुड़े सभी व्यक्तियों को महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण एवं विधिक जागरूकता के प्रसार में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, जिससे समाज में न्याय, समानता एवं सम्मान की भावना सुदृढ़ हो सके।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं विधिक जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर न्यायालय के कर्मचारीगण एवं पैरालीगल वालिंटियर्स उपस्थित रहे।





Recent Comments