back to top
मंगलवार, नवम्बर 18, 2025
होमआसपास-प्रदेशसंतान की लंबी उम्र की कामना के साथ बालको सेक्टर-3 में महिलाओं...

संतान की लंबी उम्र की कामना के साथ बालको सेक्टर-3 में महिलाओं ने धूमधाम से किया हलषष्ठी व्रत

कोरबा (पब्लिक फोरम)। बालको सेक्टर-3 में बुधवार को महिलाओं ने अपने संतानों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के बीच हलषष्ठी व्रत एवं पूजा-अर्चना की। यह पर्व जन्माष्टमी से दो दिन पूर्व मनाया जाता है और छत्तीसगढ़ में इसे ‘खम्हरछठ’ के नाम से जाना जाता है।

इस अवसर पर महिलाओं ने सुबह से ही निराहार व्रत रखते हुए मिट्टी का तालाब और छठ माता की प्रतिमा बनाकर पूजा की। पूजन में भैंस का दूध, दही, घी, चावल, महुआ और छह प्रकार की भाजी का विशेष महत्व रहा। पूजा के दौरान हल षष्ठी माता, शीतला माता और भगवान बलराम का विधिवत स्मरण किया गया।

व्रत कथा एवं पूजन विधि का संचालन रेखा शर्मा ने मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधान के साथ कराया। पूजन उपरांत प्रसाद स्वरूप पसहर चावल और अन्य व्यंजन तैयार कर उन्हें पहले कौआ, कुत्ता और गाय को अर्पित किया गया, तत्पश्चात महिलाएं और परिवारजन ने ग्रहण किया। परंपरा के अनुसार, बच्चों को ‘छूही’ से प्रतीकात्मक रूप से पोता मारकर माता से दीर्घायु का आशीर्वाद भी लिया गया।

पूजा में विशेष रूप से सुष्मिता तिवारी, शिखा, गुंजा राठौर, प्रीति, उषा, अंजू, चित्रांगदा, वैष्णवी, पलक, नेहा, अनुपमा, वंदना, बेबी और सुचिता सहित मोहल्ले की सभी महिलाएं सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम के अंत में सुहागिन महिलाओं ने सुहाग सामग्री और प्रसाद लेकर अपने-अपने घर प्रस्थान किया।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामुदायिक एकजुटता और पारंपरिक लोकसंस्कृति के संरक्षण का भी संदेश देता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments