कोरबा (पब्लिक फोरम)। कोरबा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सिन्हा का बुधवार को हृदयाघात के चलते निधन हो गया। वे बीते दिनों अचानक अस्वस्थ हो गए थे, जिसके बाद उन्हें नख हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पत्रकारिता जगत, मीडिया वितरक समुदाय और सामाजिक क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
विनोद सिन्हा न केवल एक कर्मठ और संवेदनशील पत्रकार के रूप में जाने जाते थे, बल्कि वे छत्तीसगढ़ में अखबार वितरण से जुड़े वर्ग की आवाज भी थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका लंबा और समर्पित अनुभव उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाता था। उन्होंने अपने करियर में कई प्रमुख समाचार पत्रों से जुड़कर जनहित, सामाजिक अन्याय और प्रशासनिक मुद्दों को बेबाकी से उठाया।
छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने वितरकों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने वितरण प्रणाली को सुचारू बनाए रखने और इस वर्ग को संगठित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। विनोद सिन्हा के नेतृत्व में वितरक संघ ने कई बार शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से प्रस्तुत किया।
उनकी मृत्यु की खबर से कोरबा सहित समूचे प्रदेश के पत्रकार और वितरक समुदाय में शोक की लहर फैल गई है। पत्रकार संघों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न मीडिया संस्थानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विनोद सिन्हा का जाना पत्रकारिता और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।
Recent Comments