कांकेर (पब्लिक फोरम। नगर पालिका कांकेर के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष से औपचारिक मुलाकात की। कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने ठेकेदार को आगामी मंगलवार को कांकेर बुलाकर त्रिपक्षीय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। यह बैठक नगर पालिका के इतिहास में पहली बार होगी, जिसमें प्रशासन, ठेकेदार और कर्मचारी यूनियन तीनों पक्ष एक साथ संवाद करेंगे।
छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय कर्मचारी यूनियन कांकेर इकाई के अध्यक्ष राकेश बिछिया और महासचिव दिलीप साहू ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांग यह है कि ठेकेदार की उपस्थिति में नियमित बैठक आयोजित की जाए, ताकि वे सीधे अपनी समस्याएं रख सकें। वर्तमान में ठेकेदार या उसका कोई प्रतिनिधि मौके पर उपलब्ध नहीं रहता, जिससे कर्मचारियों की शिकायतें अनसुनी रह जाती हैं।
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि ठेकेदार केवल वेतन से मिलने वाले कमीशन तक सीमित रहता है और कर्मचारियों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करता। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को वितरित किए गए ईएसआई कार्ड त्रुटिपूर्ण पाए गए थे, जिन्हें सात दिनों के भीतर सुधारने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तीन माह बीतने के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। यह ठेकेदार की लापरवाही का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मुद्दा उठाया कि कर्मचारियों को वेतन का भुगतान निश्चित तिथि पर नहीं हो रहा है। कई बार 15 से 20 दिन की देरी से वेतन मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक संकट और मानसिक असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। यूनियन ने मांग की कि प्रत्येक माह वेतन पर्ची समय पर वितरित की जाए और वेतन भुगतान की एक निश्चित तिथि निर्धारित हो।
चर्चा के दौरान कर्मचारियों ने यह मांग भी रखी कि होली पर्व से पूर्व फरवरी माह का वेतन अनिवार्य रूप से जारी किया जाए। इस पर सीएमओ ने ठेकेदार के साथ होने वाली बैठक में निर्णय लेने की सहमति जताई।
इसके अलावा सफाई एवं बिजली विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग पर सीएमओ ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए।
सीएमओ ने यूनियन प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगें जायज हैं और ठेकेदार से इन पर अमल कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से आगामी मंगलवार को त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें वेतन भुगतान, वेतन पर्ची, ईएसआई सुधार और अन्य श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में भाव सिंह कश्यप, द्वारका कोसरिया, कामेंद्र गिरी, दिलीप साहू, राकेश बिछिया, अशोक नेताम, प्रशांत रजक, अरुण वाल्मीक, राज रजक, रघुनाथ, महेंद्र कुमार, आकाश, ज्ञानेंद्र सिंहा सहित अनेक कर्मचारी शामिल रहे।
यह बैठक न केवल प्लेसमेंट कर्मचारियों के अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, बल्कि नगर पालिका प्रशासन में पारदर्शी संवाद की नई परंपरा की शुरुआत भी साबित हो सकती है।





Recent Comments