भिलाई (पब्लिक फोरम)। छत्तीसगढ़ के साहित्यिक और प्रगतिशील सांस्कृतिक जगत के लिए यह एक गहरी क्षति है। प्रख्यात साहित्यकार, मध्य प्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के पूर्व अध्यक्ष तथा प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका ‘पहल’ के संपादक रहे ज्ञानरंजन के निधन पर छत्तीसगढ़ प्रगतिशील लेखक संघ (प्रलेसं) भिलाई-दुर्ग द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है।
यह शोकसभा 10 जनवरी को शाम 4 बजे प्रलेसं भिलाई-दुर्ग के अध्यक्ष परमेश्वर वैष्णव के सेक्टर-5 स्थित निवास, क्वार्टर क्रमांक 21-ए, सड़क एसपीए में आयोजित होगी। आयोजन में प्रदेश के साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लेखक, रंगकर्मी और विचारक शामिल होंगे।
श्रद्धांजलि सभा में प्रगतिशील लेखक संघ, भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा), जनवादी लेखक संघ तथा जन संस्कृति मंच से जुड़े साहित्यकारों और सुधि जनों की उपस्थिति रहेगी। सभी उपस्थितजन ज्ञानरंजन के साहित्यिक अवदान, वैचारिक प्रतिबद्धता और प्रगतिशील सांस्कृतिक आंदोलन में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। ज्ञानरंजन का संपूर्ण साहित्यिक जीवन जनपक्षधरता, वैचारिक स्पष्टता और रचनात्मक ईमानदारी का उदाहरण रहा है। उनके निधन से प्रगतिशील साहित्य आंदोलन को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं दिखाई देती।





Recent Comments