होमआसपास-प्रदेशसेवा सेतु से ईशान श्रीवास को मिली त्वरित सुविधा, पिता बोले-अब सरकारी...

सेवा सेतु से ईशान श्रीवास को मिली त्वरित सुविधा, पिता बोले-अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं

केवल 5 दिनों में बना आय प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति का रास्ता हुआ आसान

रायगढ़(पब्लिक फोरम)। 28 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए सरकरी सेवाओं को सरल, सुलभ और समयबद्ध बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। इसका उदाहरण रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के ग्राम गोर्रा में देखने को मिला, जहां कक्षा 11वीं के छात्र ईशान श्रीवास का आय प्रमाण पत्र मात्र 5 दिनों में बन गया। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से अब वह छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त कर सकेगा। ईशान के पिता हेमसागर श्रीवास ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र के आय प्रमाण पत्र के लिए निकटस्थ सीएससी केंद्र-सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के कुछ ही दिनों बाद उनके मोबाइल के व्हाट्सएप पर संदेश प्राप्त हुआ कि आय प्रमाण पत्र तैयार हो गया है। संदेश में उपलब्ध लिंक के माध्यम से उन्होंने प्रमाण पत्र देखा और बाद में सीएससी केंद्र से उसकी प्रति प्राप्त कर ली।
हेमसागर श्रीवास ने बताया कि पहले आय प्रमाण पत्र बनवाने में 15 से 20 दिन तक का समय लग जाता था। कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे और अतिरिक्त खर्च भी होता था। लेकिन अब सेवा सेतु व्यवस्था के तहत बिना किसी परेशानी के समय पर आय प्रमाण पत्र मिल गया। उन्होंने कहा कि समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से उनके पुत्र ईशान श्रीवास को छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। यह व्यवस्था विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
हेमसागर श्रीवास ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु ने ग्रामीण नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं को वास्तव में आसान और पारदर्शी बनाया है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार का सेवा सेतु पोर्टल एक डिजिटल मंच है जो 36 से अधिक विभागों की 520 से ज्यादा सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है। इसके जरिए नागरिक घर बैठे या नजदीकी च्वाइस सेंटर से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और भू-अभिलेख जैसी सेवाएं आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments