अंबिकापुर(पब्लिक फोरम)। सरगुजा पुलिस लाइन स्थित पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप पर आम नागरिकों को पेट्रोल नहीं मिलने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पेट्रोल पंप पर बोतल में पेट्रोल नहीं दिया जाता है। इसके चलते उन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिनके दोपहिया या चारपहिया वाहनों का पेट्रोल रास्ते में खत्म हो जाता है।
शिकायत के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति की बाइक का पेट्रोल खत्म हो जाए और वह बोतल लेकर पेट्रोल लेने पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप पहुंचता है, तो उसे पेट्रोल देने से मना कर दिया जाता है। वहीं, यदि कोई व्यक्ति अपने परिवार के साथ सफर कर रहा हो और वाहन का पेट्रोल खत्म हो जाए, तो ऐसी स्थिति में वाहन को धकेलकर पेट्रोल पंप तक लाना भी आसान नहीं होता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों द्वारा ऊपर से मना होने की बात कहकर पेट्रोल देने से इनकार किया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि किसी विभागीय कर्मचारी के वाहन में भी पेट्रोल खत्म हो जाए, तो क्या उसे भी अपना वाहन धकेलकर पेट्रोल पंप तक लाना पड़ेगा?
लोगों का कहना है कि आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। यदि बोतल में पेट्रोल देने पर कोई नियम या प्रतिबंध है, तो प्रशासन को उसके बारे में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए और आपात स्थिति में आम लोगों के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
इस मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से निवेदन है कि वे सरगुजा पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप की व्यवस्था का संज्ञान लें तथा आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों का समाधान करें। पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप का उद्देश्य जनकल्याण से जुड़ा है, इसलिए आम लोगों की सुविधा और उनकी समस्याओं पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
सरगुजा पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप पर आम नागरिकों की परेशानी, बोतल में पेट्रोल नहीं मिलने से उठे सवाल
- Advertisement -
RELATED ARTICLES









Recent Comments