होमआसपास-प्रदेशग्राम सूती मे राशन को लेकर बवाल,सैकड़ो ग्रामीण पहुंचे तहसील कार्यलय,दो माह...

ग्राम सूती मे राशन को लेकर बवाल,सैकड़ो ग्रामीण पहुंचे तहसील कार्यलय,दो माह से चावल नहीं मिलने पर फूटा गुस्सा

खरसिया(पब्लिक फोरम)। ग्राम पंचायत सूती में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सितंबर एवं अक्टूबर माह का चावल नहीं मिलने का मामला सामने आया है। राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्राम सूती के सैकड़ों ग्रामीण बुधवार को खरसिया तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें लगातार दो माह का राशन चावल अब तक नहीं मिला है। ग्रामीणों के अनुसार, जब उन्होंने सोसायटी पहुंचकर राशन के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, तो वहां निर्धारित मात्रा में चावल उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। ग्रामीणों ने सोसायटी संचालक पर राशन वितरण में लापरवाही एवं अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि राशन उनका अधिकार है और उन्हें सितंबर एवं अक्टूबर माह का लंबित चावल तत्काल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से सोसायटी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराने तथा रिकॉर्ड और वितरण की जांच करने की मांग की है।
इस दौरान खरसिया शिवसेना विधानसभा अध्यक्ष सनी पिंटू यादव ने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पात्र हितग्राहियों को उनका लंबित राशन दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में चेतावनी दी है कि यदि 10 अक्टूबर तक उन्हें न्याय नहीं मिलता और मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे आगे तहसील कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों के साथ ग्राम सूती के सरपंच पति एवं खरसिया शिवसेना विधानसभा अध्यक्ष सनी पिंटू यादव भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments