कोरबा (पब्लिक फोरम)। छत्तीसगढ़ में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल और शहर अध्यक्ष श्रीमती सपना चौहान ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा गंभीर है और भाजपा सरकार इस दिशा में नाकाम साबित हो रही है। उनका कहना है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था भगवान भरोसे छोड़ दी गई है, जिससे महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम द्विवेदी ने राजधानी रायपुर के नया बस स्टैंड में हाल ही में हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि अपराधियों को दंडित करने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यभर में कहीं न कहीं महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।
ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती प्रभा तंवर ने बताया कि जब से भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में आई है, तब से 9 महीनों के अंदर ही प्रदेश में 3,000 से अधिक अपराध हुए हैं, जिनमें से 600 से ज्यादा मामले महिलाओं के साथ दुष्कर्म के हैं।
सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने भिलाई में चार वर्ष की मासूम बालिका के साथ हुए दुराचार और रायगढ़ के पास पुसौर में एक आदिवासी महिला के साथ 14 दुष्कर्मियों द्वारा किए गए जघन्य अपराध की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं की रिपोर्ट मीडिया के दबाव के बाद ही दर्ज की गई, जो राज्य सरकार की लापरवाही को दर्शाता है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सपना चौहान ने जानकारी दी कि दिनांक 03 सितंबर 2024, मंगलवार को प्रातः 11 बजे टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला स्तरीय निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए एक मौन जुलूस निकाला जाएगा।
इस कार्यक्रम में श्रीमती कुसुम द्विवेदी, श्रीमती प्रभा तंवर, सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, श्रीमती सपना चौहान सहित जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, और कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठ, विभाग, मोर्चा संगठन के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समय पर उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने राज्य सरकार से महिलाओं के प्रति हो रहे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़ में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल: कांग्रेस ने भाजपा सरकार की विफलताओं पर उठाए सवाल!
RELATED ARTICLES






Recent Comments