बालकोनगर (पब्लिक फोरम)। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बालको क्षेत्र के लोकप्रिय नेता और पूर्व पार्षद लुकेश्वर चौहान को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला मंत्री नियुक्त किया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले चौहान की नियुक्ति को भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लुकेश्वर चौहान बालको क्षेत्र में भाजपा संगठन के उन नेताओं में गिने जाते हैं, जिनका राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव सबसे लंबा और व्यापक माना जाता है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में पार्टी के विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। संगठन में उनकी सक्रियता और कार्यशैली के कारण उन्हें एक प्रभावी और मेहनती कार्यकर्ता के रूप में पहचान मिली है।
अपने राजनीतिक सफर के दौरान लुकेश्वर चौहान ने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे पूर्व में वार्ड अध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा के अध्यक्ष तथा दो बार भाजपा मंडल के महामंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वे वार्ड क्रमांक 39 कैलाशनगर से दो बार पार्षद के रूप में भी जनता का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
संगठनात्मक स्तर पर भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वे प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रह चुके हैं और एनजीओ प्रकोष्ठ में जिला कार्यसमिति सदस्य के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। पार्टी और समाज के बीच मजबूत संवाद स्थापित करने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाता रहा है।
बालको क्षेत्र में लुकेश्वर चौहान की पहचान एक ऐसे नेता के रूप में है, जिनकी पकड़ समाज के विभिन्न वर्गों में मजबूत मानी जाती है। विशेष रूप से युवा वर्ग और महिला मतदाताओं के बीच उनकी अच्छी लोकप्रियता बताई जाती है। इसके साथ ही स्थानीय कर्मचारियों, मजदूर वर्ग और सामाजिक संगठनों के बीच भी उनकी सक्रिय उपस्थिति रही है, जिससे उन्हें जमीनी नेता के रूप में देखा जाता है।
भाजपा संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं का मानना है कि लुकेश्वर चौहान की नियुक्ति से पार्टी को क्षेत्र में सामाजिक और संगठनात्मक स्तर पर मजबूती मिलेगी। बालको भाजपा मंडल में उन्हें “बूथ मैनेजमेंट गुरु” के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि चुनावी प्रबंधन और बूथ स्तर की रणनीति बनाने में उनकी विशेष दक्षता मानी जाती है।
जिला मंत्री नियुक्त किए जाने के बाद लुकेश्वर चौहान ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रदेश संगठन, जिला संगठन, संबंधित मंत्री और विधायक, रायपुर के सह संगठन प्रभारी, भाजपा जिला अध्यक्ष, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री और जिला अध्यक्ष सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और सिद्धांतों से प्रेरित होकर वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का संकल्प भी व्यक्त किया।





Recent Comments