कोरबा (पब्लिक फोरम)। देश के प्रमुख वामपंथी नेता और पूर्व सांसद सीताराम येचुरी के निधन पर राजमिस्त्री मजदूर रेजा कुली एकता यूनियन ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। यूनियन ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की है।
यूनियन की कोरबा जिला समिति के अध्यक्ष सपुरन कुलदीप ने एक प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि कामरेड सीताराम का असामयिक निधन देश के मजदूर वर्ग के आंदोलन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। सीताराम येचुरी देश के एक प्रतिष्ठित वामपंथी नेता थे, जिन्होंने अपने छात्र जीवन से ही वामपंथी राजनीति से जुड़ाव बनाया था। आपातकाल के दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा। वे तीन बार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए थे, जो उनके नेतृत्व क्षमता और सिद्धांतों के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
देश में सांप्रदायिकता के खिलाफ धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और संघीय ढांचे की रक्षा के लिए वे हमेशा मुखर रहे। उन्होंने न केवल इन मुद्दों पर स्पष्ट दृष्टिकोण प्रस्तुत किया बल्कि एक सही राजनीतिक दिशा देकर सांप्रदायिक हमलों का भी डटकर सामना किया। मार्क्सवादी विचारधारा के प्रति अडिग रहते हुए, उन्होंने देश के धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक पार्टियों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी वक्तृत्व कला के साथ-साथ लेखन क्षमता भी अद्वितीय थी। वे दो बार राज्यसभा के सदस्य रहे और अपनी विचारधारा और नीतियों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहे।
यूनियन की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है, और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की गई है। उनके योगदान और संघर्ष को हमेशा याद रखा जाएगा।
वामपंथी नेता सीताराम येचुरी के निधन से देश को अपूरणीय क्षति: मजदूर यूनियन ने दी श्रद्धांजलि!
RELATED ARTICLES










Recent Comments