कोरबा (पब्लिक फोरम)। आगामी नगर पालिक निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि “कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस परिवार का अभिन्न हिस्सा है।” उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर पार्टी को मजबूती देते हैं और किसी एक कार्यकर्ता को सांसद, विधायक, महापौर या पार्षद बनने का अवसर प्रदान करते हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा, “नगरीय निकाय चुनाव में कई कार्यकर्ता टिकट के लिए दावेदारी पेश करते हैं, लेकिन पार्टी की नीतियों के तहत किसी एक को ही यह अवसर मिलता है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को सामंजस्य और एकजुटता बनाए रखनी होगी। यदि कुछ कार्यकर्ता निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं, तो इससे पार्टी और स्वयं दोनों को नुकसान होता है। इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए। टिकट जिसे भी मिले, उसे जिताने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।”
![](https://publicforum750.com/wp-content/uploads/2025/01/wp-17365141974194443896231513686093.webp)
महापौर और पार्षदों का सराहनीय कार्यकाल
बैठक में महापौर, सभापति और पार्षदों के पांच साल के कार्यकाल को सराहा गया। जयसिंह अग्रवाल ने महापौर राजकिशोर प्रसाद के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा, “महापौर ने बिना किसी भेदभाव के 67 वार्डों में विकास कार्य कराए। कोरोना काल जैसी कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने कोरबा के विकास को प्राथमिकता दी।”
पार्षदों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सभी ने अपने-अपने वार्ड में मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देते हुए सराहनीय कार्य किए।
महापौर का भावुक संबोधन
महापौर राजकिशोर प्रसाद ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए भावुकता से कहा, “मैं एक साधारण कार्यकर्ता था, जिसे आप सबने इस मुकाम तक पहुंचाया। अपने कार्यकाल में मैंने जनता की समस्याओं को सुना, अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए और शासन-प्रशासन से सहयोग लेकर विकास कार्यों को अंजाम दिया। सभी पार्षदों को समान रूप से सम्मान दिया और कोरबा के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा।”
बैठक को सभापति श्याम सुंदर सोनी, सुरेंद्र प्रताप जायसवाल, सत्येंद्र वासन, उषा तिवारी, रेखा त्रिपाठी, संतोष राठौर, दुष्यंत शर्मा, सनीष कुमार, सुख सागर निर्मलकर, कुसुम द्विवेदी, अर्चना उपाध्याय, और अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
आभार प्रदर्शन श्रीमती सपना चौहान ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने पार्टी की एकजुटता और चुनाव में विजय के संकल्प को दोहराया।
कांग्रेस की इस बैठक में कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया गया और विकास कार्यों की सराहना करते हुए आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी को प्रेरित किया गया।
Recent Comments