कोरबा (पब्लिक फोरम)। शनिवार को कोहंड़िया स्थित कबीर कुटी में सतगुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रतिनिधि उत्तम दास दीवान ने किया।
बैठक की शुरुआत सद्गुरु कबीर साहेब के छायाचित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद आमीन माता समिति कोहडिय़ा की महिलाओं ने आरती और भजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर महंत कडीहार जनों और महिला प्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
कबीर वंशावली और मिशन का संदेश
महंत संतोष दास ने सभा को संबोधित करते हुए सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली की महत्ता और इसकी आध्यात्मिक धारा के बारे में जानकारी दी।
वहीं हुजूर उदित मुनि नाम साहब ने “जीव दया और आत्म पूजा” के संदेश को चरितार्थ करते हुए लोगों से जीव हिंसा रोकने, विश्व शांति, जगत कल्याण और नशा मुक्ति के पथ पर चलने का आह्वान किया।
महंत रतन दास साहब ने मिशन की मजबूती के लिए सामूहिक संगठन और सहभागिता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सद्गुरु की वाणी को जन-जन तक पहुँचाना ही मिशन का मूल उद्देश्य है। इसी क्रम में कबीर साहेब के छायाचित्र का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं भाजयुमो महामंत्री नरेंद्र देवांगन ने कहा कि कबीर धर्मदास वंशावली का संदेश केवल धार्मिक न होकर मानवीय मूल्यों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे प्रत्येक जीव और प्राणी में आत्मा की पहचान कर करुणा और भाईचारे की भावना विकसित करें।
बैठक के अंत में मिशन के प्रतिनिधियों तथा आमीन माता समिति की महिलाओं ने मिलकर कबीर कुटी परिसर में पौधारोपण किया। इस पहल को आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश माना गया।
इस अवसर पर मिशन से सुनील दास, रमेश दास, भोपाल दास, विष्णु दास, बिसाहू दास, पंचराम साहू, बृज दास, विशंभर दास, पावर दास, राजेश दास, समीर दास, धनेश्वर दास सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे। वहीं महिला समिति से गौरी दास, रतनबाई महंत, गंगा महंत, दुर्गा, लक्ष्मी, कौशल्या महंत, रानी महंत, वंदना महंत, रामकुमारी दीवान, सावित्री सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कोरबा में आयोजित यह बैठक न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रही, बल्कि इसमें सामाजिक एकजुटता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति का स्पष्ट संदेश भी दिया गया। सतगुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन ने एक बार फिर यह साबित किया कि अध्यात्म और समाज सेवा मिलकर ही सच्चे मानव धर्म को आगे बढ़ा सकते हैं।
Recent Comments