कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में दौरा करते हुए, सांसद व कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना चरणदास महंत को स्थानीय लोगों से भारी समर्थन मिला। उन्होंने मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी, बैकुंठपुर, झगराखंड और नागपुर में जाकर आम जनता, महिलाओं और युवाओं से संवाद किया और कांग्रेस पार्टी के लिए समर्थन मांगा।
सांसद महंत ने संसदीय क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि केंद्र की भाजपा सरकार और प्रदेश की विष्णुदेव सरकार ने बड़े-बड़े वादे करके जनता को लुभाया है। महिलाओं को गैस सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी देने का वादा किया गया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद यह सब्सिडी नहीं मिली।

सांसद महंत ने कहा कि वे क्षेत्र की स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत समस्याओं पर सतर्क रहेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र की जनता उनके दुख-सुख में शामिल रहने वाले महंत परिवार को ही अपना स्नेह देगी, न कि चुनावी लाभ लेने आए भाजपा नेताओं को।
अपने क्षेत्रीय दौरे के दौरान, सांसद महंत ने नगर पालिका नागपुर के अध्यक्ष राजेश साहू के नेतृत्व में आयोजित महिला कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इसी तरह, चिरमिरी में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी वे शामिल हुईं और जनसमर्थन मांगा। रेलवे कालोनी में रुकमणी खरे द्वारा आयोजित महिला कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर, उन्होंने कांग्रेस के प्रति विश्वास रखने और समर्थन देने का आग्रह किया। इसके अलावा, उन्होंने क्षेत्र के पार्षदों, मितानिनों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
आरसीडब्ल्यूएफ चिरमिरी छोटी बाजार में आयोजित कार्यक्रम में भी सांसद महंत ने भागीदारी निभाई। आयोजित कार्यक्रमों में पूर्व विधायक गुलाब कमरो, डॉ. विनय जायसवाल, नजीर अहमद सहित जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता भी उपस्थित थे।