back to top
मंगलवार, जुलाई 1, 2025
होमआसपास-प्रदेशविकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए मोदी जी को...

विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना आवश्यक: योगी आदित्यनाथ

ऊर्जा नगरी कोरबा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय को जिताने की अपील की

रायपुर/कोरबा (पब्लिक फोरम)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कोरबा लोकसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में देश की सीमाएं सुरक्षित हैं, महिलाएं सुरक्षित हैं और विकास के नए कार्य हो रहे हैं। यह सभी उपलब्धियां प्रधानमंत्री मोदी जी के कार्यकाल की देन हैं। यह नया भारत है जो देश के शत्रुओं को मुंहतोड़ जवाब देता है। आज देश में हर घर में नलजल की सुविधा है, हर घर में शौचालय है, राज्य और राष्ट्रीय राजमार्ग बने हैं, एम्स अस्पताल स्थापित किए गए हैं। ये सभी उपलब्धियां भारतीय जनता पार्टी की पहचान बन चुकी हैं। कांग्रेस के शासनकाल में गरीबों को अनाज नहीं मिल पाता था। युवाओं को रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ता था। बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। लेकिन अब समय बदल गया है, देश सुरक्षित है, देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और देशवासी सुरक्षित हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं और देश में कहीं भी जोर से पटाखे फूटते हैं, तो पहले पाकिस्तान कहता है कि मैंने नहीं किया। यह मोदी जी की ताकत है। कांग्रेस के शासन में जनता भूखी रहती थी, आज मोदी जी देश की 80 करोड़ जनता को मुफ्त में 5 किलोग्राम चावल दे रहे हैं। 1947 के बाद जब पाकिस्तान अकड़ के साथ भारत से अलग हुआ था, आज वहां की 20 करोड़ आबादी के पास अनाज का संकट है। और मोदी जी 80 करोड़ जनता को अनाज दे रहे हैं, वो भी मुफ्त। पहले केंद्र का पैसा राज्यों में भेजा जाता था तो उसमें भ्रष्टाचार होता था, लेकिन अब सीधे जन-धन खातों में पहुंच रहा है। 11 करोड़ शौचालयों का निर्माण हो चुका है। 10 करोड़ रसोई गैस कनेक्शन, 4 करोड़ प्रधानमंत्री आवास और 11 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिला है। उत्तर प्रदेश में 56 लाख प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लागू नहीं होने दिया, लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी है। आज देश में 2.5 करोड़ गरीबों के घरों में बिजली कनेक्शन हैं।

योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने घोटालों पर घोटाले किए हैं। पीएससी में, रेत, शराब, कोयला और गोबर में भी घोटाला किया गया है। अयोध्या में श्रीराम का मंदिर निर्माण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की ही देन है। कांग्रेस ने न्यायालय में शपथ-पत्र दिया था कि राम मौजूद ही नहीं थे। नक्सलवाद और आतंकवाद से कांग्रेस की सांठगांठ है। नौजवानों को रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया, उन्हें तमंचे थमा दिए गए। कांग्रेस समाज को बांटने का काम करती है। जब कुछ नहीं होता तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को अपशब्द कहने लगते हैं। 140 करोड़ जनता मोदी जी का परिवार है। पहले चरण का चुनाव हो चुका है और एक ही आवाज़ आ रही है – “अब की बार 400 पार, फिर एक बार मोदी सरकार।”

श्री आदित्यनाथ ने आगे कहा कि कोरबा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय शिक्षित और तेज़तर्रार हैं। इस ऊर्जा नगरी में विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सुश्री सरोज पांडेय को जिताना है।
उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि आप लोग मोदी जी और सरोज पांडेय के प्रतिनिधि बनकर घर-घर जाकर एक-एक मतदाता से मिलें और 7 मई को भारतीय जनता पार्टी को वोट देने का आग्रह करें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया। छत्तीसगढ़ प्रभु श्रीराम का जन्मस्थान है। माता कौशल्या का मायका है। वनवास के समय छत्तीसगढ़ की पावन भूमि ने श्रीराम को आश्रय दिया था।

ऊर्जा नगरी जो दूसरों को ऊर्जा देती है, खुद अंधकार में है – सरोज पांडेय

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सुश्री सरोज पांडेय ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की पावन भूमि से इस भगवान की भक्ति से परिपूर्ण वातावरण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का स्वागत है। योगी ने उत्तर प्रदेश को अपराध के प्रदेश से मुक्ति दिलाई और भयमुक्त प्रदेश बनाया। उन्होंने विकास को गति प्रदान की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाएं चलाईं। कोरबा की जनता भाजपा को विजयी बनाएगी, मेरा विश्वास है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संकल्प पत्र में झुग्गी-झोपड़ियों की जगह पक्का मकान देने की गारंटी दी है। आज कोरबा में विकास शून्य है। ऊर्जा नगरी जो दूसरों को ऊर्जा देती है, खुद अंधकार में है। यहां की कांग्रेस सांसद ने खुद एक साक्षात्कार में कहा था कि कांग्रेस पार्टी में भ्रष्टाचार है। उनके कार्यकाल के दौरान दो कलेक्टर भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। हमें भी 7 मई को कोरबा लोकसभा क्षेत्र में कमल का बटन दबाकर भाजपा को जिताना है।

छत्तीसगढ़ सरकार में केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि यह चुनाव मोदी जी का चुनाव है। हम सभी को संकल्प लेना है और मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है। साथ ही कोरबा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय को जिताना है। श्री देवांगन ने जोरदार नारे लगाते हुए जनता से कहा कि “अब की बार 400 पार, फिर एक बार मोदी सरकार” और “सुश्री सरोज पांडेय जी 4 लाख वोट से आगे”।

इस दौरान ननकी राम कंवर, प्रदेश मंत्री विकास महतो, मनोज शर्मा, जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, डॉ. राजीव सिंह, गोपाल मोदी, संतोष देवांगन, टिकेश्वर राठिया, पवन गर्ग, ज्योतिनंद दुबे, आलोक सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, आकाश सक्सेना, उमा भारती साराफ, रेणुका राठिया, संदीप सहगल, राजेंद्र राजपूत, संजय शर्मा, नरेश टंडन, गोपाल मोदी, संतोषी दीवान, धनेश्वरी कंवर, पंकज सोनी, वैशाली रत्नापारखी, रामप्रसाद कोर्राम, चुलेश्वर राठौर, अनिरुद्ध चंद्रा, सरजू अजय, ताज सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments