back to top
शुक्रवार, फ़रवरी 20, 2026
होमआसपास-प्रदेशजोबी महाविद्यालय के एनएसएस शिविर में नशा मुक्त समाज पर हुई संगोष्ठी

जोबी महाविद्यालय के एनएसएस शिविर में नशा मुक्त समाज पर हुई संगोष्ठी

स्वंय के साथ दुसरो को भी नशे की खिलाफ प्रेरित करे : महेश साहू

खरसिया (पब्लिक फोरम)। शहीद नारायण सिंह शासकीय महाविद्यालय, जोबी-बर्रा द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का इस वर्ष भी भव्य शुभारंभ हुआ। यह शिविर 23 फरवरी 2026 तक शासकीय हाई स्कूल बरगढ़, तहसील खरसिया में आयोजित किया जा रहा है। इस बार शिविर की थीम “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” रखी गई है।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर छाया विधायक महेश साहू मुख्य अतिथि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य रविंद्र कुमार थवाईत ने की, साथ ही शिविर के संयोजक सहायक प्राध्यापक सुरेंद्र पाल दर्शन ने मार्गदर्शन प्रदान किया। पहले ही दिन से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । संगोष्ठी के आयोजन में नशा मुक्त समाज विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्राचार्य श्री थवाईत ने विद्यार्थियों को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया।

उन्होंने शराब, गांजा, चरस, अफीम, तंबाकू, गुडाखू, गुल और सिगरेट, बीड़ी और अन्य ड्रग्ज मादक पदार्थों से कोसों दूर रहने की सलाह दी। इधर, संयोजक सुरेंद्र पाल दर्शन ने पहले शिविर आयोजन के उद्देष्य और महत्ता पर प्रकाश डाला। नशा छोड़ने के उपाय बतलाते हुए कहा कि यदि व्यक्ति दृढ़ संकल्प ले और चिकित्सकीय परामर्श व मनोवैज्ञानिक उपचार के साथ-साथ विटामिन सी युक्त आहार अपनाए, और प्रयास करते रहें, तो नशे की आदत से छुटकारा पाया जा सकता है।

मुख्यअतिथि महेश साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें समाज में नशा मुक्ति की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। नशा मुक्ति केंद्रों के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों से स्वयं नशा न करने और दूसरों को भी इससे दूर रखने की अपील की। इसके बाद विद्यार्थियों ने संध्या के समय नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंत में सहायक प्रध्यापक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम अधिकारी वासुदेव प्रसाद पटेल की अगुआई में सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु सच्चे मन से संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments