कोरबा (पब्लिक फोरम)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित परीक्षा सत्र 2026 के अंतर्गत हाई स्कूल परीक्षा विषय हिंदी (070) का आयोजन किया गया। कोरबा जिले में परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु जिला स्तरीय निरीक्षण दलों द्वारा कुल 20 परीक्षा केंद्रों का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल क्रमांक-2 ने सेजेस पोड़ी-उपरोड़ा, सेजेस गुरसिया एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमना का निरीक्षण किया। दल क्रमांक-3 द्वारा शासकीय हाई स्कूल विजय नगर दीपका, सेजेस दीपका, सेजेस तिवरता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नुनेरा, रोजेस माखनपुर तथा सेजेस चैतमा का निरीक्षण किया गया।
इसी क्रम में दल क्रमांक-4 ने सेजेस कुसमुंडा, आशा सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसमुंडा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई बाजार, सेजेस हरदीबाजार एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उतरदा का अवलोकन किया। दल क्रमांक-5 द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेहरचुवा, बोटली, सेन्द्रीपाली, नोनबिर्रा, भैसमा एवं गोढ़ी का निरीक्षण संपन्न कराया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं नियमों के अनुरूप संचालित होती पाई गई। किसी भी केंद्र से नकल अथवा अनुशासनहीनता की कोई शिकायत सामने नहीं आई। सभी केंद्रों को निरंक एवं अनुशासित घोषित किया गया।
आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 12,566 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 12,200 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 368 विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आगे की परीक्षाएं भी इसी प्रकार पारदर्शिता, अनुशासन और शांति के साथ संपन्न कराई जाएंगी। निरीक्षण दलों की सतर्कता और केंद्राध्यक्षों के समन्वय से परीक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करना संभव हो सका।





Recent Comments