होमआसपास-प्रदेशकोरबा में भक्त माता कर्मा जयंती पर भव्य शोभा यात्रा: पूर्व मंत्री...

कोरबा में भक्त माता कर्मा जयंती पर भव्य शोभा यात्रा: पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने ध्वजा लेकर किया शुभारंभ; रक्तदान शिविर बना आकर्षण

कोरबा (पब्लिक फोरम)। छत्तीसगढ़ की पूजनीय लोक संत भक्त माता कर्मा की जयंती के पावन अवसर पर कोरबा शहर श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर शहर के घंटाघर से साहू समाज द्वारा भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

शोभा यात्रा का विधिवत शुभारंभ पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने ध्वजा लेकर किया। उन्होंने ध्वजा के साथ यात्रा में शामिल होकर प्रतिभागियों के साथ कुछ दूरी तक पैदल चलकर आयोजन की गरिमा और उत्साह को और बढ़ाया। इस दौरान भक्त माता कर्मा के जयघोष से पूरा घंटाघर क्षेत्र गूंज उठा और वातावरण श्रद्धा व भक्ति से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबावासियों को माता कर्मा जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भक्त माता कर्मा सामाजिक समरसता, प्रेम और सौहार्द्र की अद्वितीय प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज को सेवा, भाईचारे और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को माता कर्मा के आदर्शों को अपनाने की सबसे अधिक आवश्यकता है, जिससे समाज में एकता, सद्भाव और पारस्परिक सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हो सके।

श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि माता कर्मा केवल साहू समाज की ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए भक्ति, त्याग और समर्पण की प्रतिमूर्ति हैं। उनका जीवन इस सत्य का उदाहरण है कि सच्ची श्रद्धा और अटूट विश्वास के सामने ईश्वर भी भक्त की भावना के आगे झुक जाते हैं। उन्होंने कहा कि माता कर्मा की भक्ति की शक्ति ही थी कि स्वयं भगवान जगन्नाथ को उनके हाथों की खिचड़ी ग्रहण करनी पड़ी, जो उनकी निष्कलंक आस्था और समर्पण की महान मिसाल है।

उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि माता कर्मा के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक सद्भाव, सहयोग और सेवा की भावना को आगे बढ़ाएं तथा समाज को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस आयोजन में साहू समाज के अध्यक्ष बालाराम साहू, गिरधारी साहू, कांग्रेस कोरबा जिला शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, साहू समाज के तहसील अध्यक्ष पालूराम साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवाओं की भागीदारी ने आयोजन को विशेष रूप से जीवंत और भव्य बना दिया।

माता कर्मा जयंती को यादगार बनाने के उद्देश्य से समाज के उत्साही युवाओं द्वारा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। इस पहल की सराहना करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जरूरतमंदों को जीवनदान देने का यह प्रयास समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है और इससे समाज में परोपकार की भावना को नई ऊर्जा मिलती है।

भक्त माता कर्मा जयंती का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने का संदेश भी दे गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments