छत्तीसगढ़ प्रभारी के मार्गदर्शन में प्रदेश में AAP को मिलेगी नई ऊर्जा – गोपाल साहू
रायपुर (पब्लिक फोरम)। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय पीएससी बैठक में डॉ. संदीप पाठक को छत्तीसगढ़ प्रदेश का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर आम आदमी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी और कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है।
आम आदमी पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू, प्रदेश संगठन महासचिव जसबीर सिंह, प्रदेश महासचिव वदूद आलम, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा झा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रकाश चंद्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री देवलाल नरेटी, प्रदेश उपाध्यक्ष खड़गराज सिंह, रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अज़ीम खान और रायपुर लोकसभा संगठन मंत्री सागर क्षीरसागर ने डॉ. संदीप पाठक को छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर आम आदमी पार्टी परिवार की ओर से स्वागत और अभिनंदन किया।

यह उल्लेखनीय है कि डॉ. संदीप पाठक वर्तमान में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री हैं और उन्हें ‘आप’ का आधुनिक चाणक्य भी कहा जाता है। वे पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। डॉ. पाठक छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के बटाहा गाँव में कृषक माता-पिता के यहाँ जन्मे हैं। उनकी असाधारण समझ और संगठनात्मक क्षमता के कारण वे राजनीति में एक मजबूत पहचान रखते हैं।
डॉ. पाठक ने भारतीय रासायनिक प्रौद्योगिकी संस्थान, हैदराबाद और राष्ट्रीय रासायनिक प्रयोगशाला, पुणे से शिक्षा प्राप्त की है। डॉक्टरेट की पढ़ाई के बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और एमआईटी में शोध किया। छत्तीसगढ़ की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ है, जो प्रदेश में पार्टी के विस्तार में सहायक होगी।
प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू ने कहा, “हमारे छत्तीसगढ़ के बेटे, आम आदमी पार्टी के चाणक्य कहे जाने वाले डॉ. संदीप पाठक, जो राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय संगठन मंत्री भी हैं, को प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। उनके मार्गदर्शन में हमें काम करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। आने वाले समय में उनके नेतृत्व में आम आदमी पार्टी प्रदेश में अपनी विचारधारा को मजबूती से रखेगी और जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।”
Recent Comments