back to top
होमआसपास-प्रदेशसेल कर्मचारियों के 39 महीने के एरियर्स और वेज रिवीजन की मांग...

सेल कर्मचारियों के 39 महीने के एरियर्स और वेज रिवीजन की मांग पर प्रदर्शन: 28 अक्टूबर को होगी हड़ताल!

भिलाई नगर (पब्लिक फोरम)। सेल कर्मचारियों ने 39 महीने के एरियर्स, वेतन संशोधन, ठेका श्रमिकों को S1 ग्रेड का वेतन देने और बोनस बढ़ाने जैसे कई मुद्दों को लेकर 14 अक्टूबर को मुर्गा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का आयोजन संयुक्त ट्रेड यूनियन की नौ संस्थाओं द्वारा किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सेल प्रबंधन और बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों पर जोर दिया।

प्रदर्शन का कारण
1 अक्टूबर को सेल प्रबंधन के साथ हुई बोनस वार्ता विफल हो गई थी। इसके बाद प्रबंधन ने अपनी मर्जी से कर्मचारियों को बोनस दे दिया, जिससे कर्मचारियों और यूनियनों में आक्रोश फैल गया। नाराज NJCS यूनियनों ने पहले से उठाई गई मांगों पर जोर देते हुए बोनस फार्मूला में बदलाव की मांग की और नए बोनस फॉर्मूला को लागू करने के लिए आज मुर्गा चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपने अधिकारों के समर्थन में नारे लगाए और प्रबंधन के रवैये पर गहरा असंतोष व्यक्त किया।

28 अक्टूबर को हड़ताल की घोषणा
संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने घोषणा की है कि अगर कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी गईं, तो 28 अक्टूबर को सेल की सभी इकाइयों और खदानों में हड़ताल की जाएगी।

प्रमुख मांगें:-
इस प्रदर्शन में भिलाई की इंटक, बीएमएस, सीटू, एटक, एचएमएस, एक्टू, लोईमू, इस्पात श्रमिक मंच और स्टील वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में झंडे लेकर सेल प्रबंधन के खिलाफ आवाज बुलंद की।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:-

1. वेतन संशोधन: 1 जनवरी 2017 से लंबित वेतन संशोधन, जिसमें 39 महीने का एरियर्स, HRA, 50% HAA पर्क्स, और 8 महीने की LTC राशि शामिल हैं, का तुरंत समाधान किया जाए।

2. बोनस फार्मूला में बदलाव: वर्तमान बोनस फार्मूला रद्द कर नए ASPLIS/बोनस फार्मूला की मांग की जा रही है।

3. ग्रेच्युटी पर सीलिंग खत्म की जाए।

4. इंसेंटिव स्कीम का पुनरीक्षण किया जाए।
5. ठेका श्रमिकों का वेतन समझौता जल्द से जल्द पूरा हो और उन्हें S1 ग्रेड का वेतन दिया जाए।

6. ठेका श्रमिकों के ईएसआईसी की सीमा ₹21,000 से बढ़ाकर ₹50,000 की जाए।
7. ठेका श्रमिकों को 20% बोनस दिया जाए।
8. आइआरआईएनएल का विनिवेशीकरण बंद हो और नया वेतन ढांचा लागू किया जाए।
9. सभी कर्मचारियों को एक अतिरिक्त इंक्रीमेंट दिया जाए।

प्रदर्शनकारियों की मांगें लंबे समय से लंबित वेतन संशोधन और बोनस मुद्दों पर केंद्रित हैं, जो कर्मचारियों के अधिकारों और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी हैं। प्रबंधन द्वारा बोनस वार्ता में विफलता और मनमाने तरीके से बोनस का वितरण श्रमिकों के बीच असंतोष का मुख्य कारण बना। यह स्थिति श्रमिकों की हकदारी और उनकी उचित वेतन वृद्धि को लेकर उनकी नाराजगी को स्पष्ट करती है। ठेका श्रमिकों की स्थिति और उन्हें S1 ग्रेड का वेतन दिए जाने की मांग भी लंबे समय से अनदेखी हो रही है।
सेल प्रबंधन को इन मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए और जल्द समाधान निकालना चाहिए, ताकि आगामी हड़ताल को टाला जा सके और श्रमिकों को उनका हक मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments