back to top
रविवार, अक्टूबर 5, 2025
होमदेशदिल्ली: मुफ्त बस सेवा पर नई शर्त के खिलाफ 'AIPWA' ने खोला...

दिल्ली: मुफ्त बस सेवा पर नई शर्त के खिलाफ ‘AIPWA’ ने खोला मोर्चा, जंतर-मंतर पर 8 अक्टूबर को होगी ‘महिला अधिकार पंचायत’

नई दिल्ली (पब्लिक फोरम)। दिल्ली-एनसीआर में अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन ‘ऐपवा’ (AIPWA) के नेतृत्व में एक बड़ा हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें हजारों महिलाएं सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। यह अभियान विशेष रूप से दिल्ली की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा को केवल स्थायी निवासियों तक सीमित करने के प्रस्ताव के विरोध में है। अब तक वजीरपुर, नरेला, मुकुंदपुर, संगम विहार और ओखला समेत कई इलाकों में 10,000 से अधिक महिलाएं इस अभियान में हिस्सा ले चुकी हैं।

ऐपवा का आरोप है कि भाजपा सरकार दिल्ली विधानसभा चुनाव में किए गए अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। इन वादों में गरीब महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता और गैस सिलेंडर पर 500 रुपये की छूट जैसे महत्वपूर्ण आश्वासन शामिल थे।संगठन के अनुसार, सरकार न केवल इन वादों को भूल गई है, बल्कि अब वह दिल्ली की सभी महिलाओं से बिना शर्त मुफ्त बस सेवा का अधिकार छीनने की तैयारी में है।

हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की थी कि मुफ्त बस यात्रा का लाभ केवल दिल्ली की स्थायी निवासी महिलाओं को ही मिलेगा। इस फैसले का विरोध करते हुए ऐपवा ने इसे “महिला विरोधी” करार दिया है। संगठन का मानना है कि यह कदम दिल्ली की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली प्रवासी महिला मजदूरों की एक बड़ी आबादी को सीधे तौर पर प्रभावित करेगा। ये महिलाएं देश के विभिन्न हिस्सों से रोजी-रोटी के लिए दिल्ली आती हैं और किराए के मकानों में रहती हैं।

ऐपवा ने इस बात पर भी प्रकाश डाला है कि दिल्ली-एनसीआर के इलाके जैसे नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और सोनीपत से रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं काम के लिए दिल्ली आती हैं। मुफ्त बस सेवा समाप्त होने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। संगठन का कहना है कि सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा दिल्ली की महिलाओं की एक बुनियादी जरूरत है, जिसके लिए सरकारी बसों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।

अपने चुनावी वादों को पूरा करने में सरकार की कथित विफलता के खिलाफ महिलाओं में गुस्सा बढ़ रहा है। इसी क्रम में ऐपवा घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चला रहा है और एक बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहा है।

“ऐपवा” संगठन की मुख्य मांगें हैं:-

दिल्ली की डीटीसी और क्लस्टर बसों में सभी महिलाओं के लिए बिना शर्त मुफ्त बस सेवा जारी रखी जाए।
भाजपा सरकार चुनाव के दौरान महिलाओं से किए गए अपने सभी वादे पूरे करे।

इस आंदोलन को और तेज करने के लिए ऐपवा ने आगामी 8 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जंतर-मंतर पर एक ‘महिला अधिकार पंचायत’ का आयोजन किया है। संगठन ने सभी लोगों से इस पंचायत में शामिल होकर महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments