back to top
बुधवार, फ़रवरी 11, 2026
होमआसपास-प्रदेशबालको क्षेत्र की जनसमस्याओं पर सीपीआई का हस्तक्षेप:  कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,...

बालको क्षेत्र की जनसमस्याओं पर सीपीआई का हस्तक्षेप:  कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, भारी वाहनों पर प्रतिबंध की मांग

कोरबा (पब्लिक फोरम)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला कोरबा के सचिव मंडल के सदस्यों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर नववर्ष की शुभकामनाएं देने के साथ ही बालको नगर क्षेत्र की गंभीर जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने पिछले कई वर्षों से लंबित समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग करते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

ज्ञापन में संदर्भ पत्र क्रमांक 02/11/22, 04/11/22, 25/05/2023, 36/2024, 51/2024 और 52/2024 का उल्लेख करते हुए बताया गया कि बालको क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर अलग-अलग तिथियों पर धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ता खतरा
सीपीआई ने बालको बजरंग चौक, परसाभाटा से रिद्धि चौक तक भारी वाहनों की लगातार आवाजाही को लेकर गंभीर चिंता जताई। पार्टी ने कहा कि इस मार्ग पर प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और हजारों कर्मचारियों को जान का खतरा बना रहता है। रात के समय सड़क पर इतनी धूल उड़ती है कि मार्ग दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
ड्यूटी पर आने-जाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीपीआई ने मांग की है कि विभिन्न पालियों (ए, बी, सी) के समय से 30 मिनट पहले और 30 मिनट बाद तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया जाए।

साप्ताहिक बाजार की दुर्दशा
परसाभाटा के साप्ताहिक बाजार में स्थित दुकानों की छतें और पीसीसी रोड अत्यधिक जर्जर हो चुके हैं। व्यापारी और आम जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पार्टी ने बाजार की दुकानों और सड़क के जीर्णोद्धार की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।

भदरापारा क्षेत्र की सड़कें बदहाल
भदरापारा गायत्री मंदिर रोड से रिस्दी चौक और पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड की हालत अत्यंत खराब है। टूटी-फूटी सड़कों के कारण आम जनता को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान भी गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एन.के. दास, पवन कुमार वर्मा, अनुप सिंह, सुनील सिंह, विजयलक्ष्मी चौहान और मुकेश कुमार मौजूद रहे। सीपीआई ने प्रशासन से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments