कोरबा (पब्लिक फोरम)। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दूरस्थ ग्रामीण अंचलों और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। जनदर्शन के दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन की जिम्मेदारी और जवाबदेही का प्रतीक है।
खम्हरिया सहित अन्य पंचायतों में खाद्यान्न वितरण में आ रही कठिनाइयों को लेकर पहुंचे ग्रामीणों को तत्काल राहत दिलाने के लिए कलेक्टर ने जिला खाद्य अधिकारी को संबंधित पंचायतों का स्वयं दौरा कर शिकायतों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली सुचारु रूप से संचालित हो और कोई भी पात्र परिवार खाद्यान्न से वंचित न रहे।
जनदर्शन में खाद्यान्न वितरण, फौती नामांतरण, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार, मुआवजा, पेंशन, नए आंगनबाड़ी भवन की मांग, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, ट्राई साइकिल वितरण तथा वनाधिकार पट्टा से जुड़े कुल 119 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों का प्रभावी एवं समयसीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर आवेदन को मानवीय दृष्टिकोण से देखा जाए और समाधान की प्रक्रिया पारदर्शी एवं जवाबदेह हो। जनदर्शन आम जनता और प्रशासन के बीच विश्वास की सेतु है, जिसे मजबूत करना सभी अधिकारियों का दायित्व है।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनदर्शन कार्यक्रम में दिखाई गई सक्रियता से यह स्पष्ट संदेश गया कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं को लेकर सजग है और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।





Recent Comments